छिंदवाड़ा दर्पण

छिंदवाड़ा पुलिस ने महाशिवरात्रि पर्व के मद्देनजर फ्लैग मार्च का किया आयोजन

जबलपुर दर्पण । महाशिवरात्रि पर्व के दौरान शहर में शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण बनाए रखने के उद्देश्य से छिंदवाड़ा पुलिस ने पुलिस अधीक्षक अजय पांडेय के नेतृत्व में शहर के विभिन्न हिस्सों में फ्लैग मार्च का आयोजन किया। फ्लैग मार्च की शुरुआत पुलिस मुख्यालय से हुई, जिसके बाद पुलिस बल ने प्रमुख मार्गों और संवेदनशील क्षेत्रों से होते हुए शहर के विभिन्न इलाकों में मार्च किया। इस दौरान, पुलिस अधिकारियों ने स्थानीय नागरिकों से संवाद स्थापित किया और उन्हें महाशिवरात्रि के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजामों के बारे में आश्वस्त किया। मार्च में पुलिस अधीक्षक अजय पांडेय के साथ-साथ एसडीएम सुधीर जैन, सीएसपी अजय राणा, डीएसपी (यातायात) रामेश्वर चौबे, रक्षित निरीक्षक आशीष तिवारी, तथा थाना प्रभारी कोतवाली, कुंडीपुरा और देहात भी उपस्थित रहे। इन अधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया और आवश्यक निर्देश दिए।पुलिस अधीक्षक अजय पांडेय ने कहा, महाशिवरात्रि के अवसर पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ती है, और हमारी प्राथमिकता यह सुनिश्चित करना है कि सभी कार्यक्रम शांतिपूर्वक संपन्न हों। फ्लैग मार्च के माध्यम से हम यह संदेश देना चाहते हैं कि छिंदवाड़ा पुलिस पूरी तरह सतर्क है और किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए तैयार है। इस फ्लैग मार्च में पुलिस बल के साथ-साथ के जवानों ने भी हिस्सा लिया। पुलिस ने संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच की, और सार्वजनिक स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत नजदीकी पुलिस स्टेशन को दें। साथ ही, महाशिवरात्रि के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं । ताकि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। इस फ्लैग मार्च का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना था कि महाशिवरात्रि पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था मजबूत हो और श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की कठिनाई न हो।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page