मोहन सरकार का दूसरा बजट पेश
सत्ता पक्ष ने सराहा, विपक्ष ने बताया जनविरोधी
प्रदेश की मोहन सरकार का दूसरा बजट बुधवार को वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा के द्वारा विधानसभा में पेश किया गया। बजट के बाद सीधी जिले निर्वाचित जनप्रतिनिधियों एवं प्रमुख विपक्षी दलों के नेताओं से बजट को लेकर चर्चा की गई तो एक तरफ जहां सत्ता पक्ष के राजनेताओं ने विकसित एवं स्वर्णिम मध्यप्रदेश की झलक दिखाई देने का दावा किया है वहीं दूसरी तरफ विपक्षी दलों के नेताओं से जब मोहन सरकार के बजट को लेकर बातचीत की गई तो झूठ का पुलिंदा एवं घोषणाओं वाला बजट बताया है, विपक्ष ने कहा कि इस बजट महिलाओं, बेरोजगारों एवं महंगाई को लेकर कोई बात नहीं शामिल की गई है जिससे यह साफ है कि यह बजट जनविरोधी नीतियों वाला बजट है।
बजट से प्रदेश के विकास को लगेंगे पंख बनेगा- डॉ राजेश मिश्रा
लोकसभा संसदीय क्षेत्र के सांसद डॉ राजेश मिश्रा ने वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा द्वारा पेश किए गए शानदार बजट के लिए बधाई देते हुए बजट प्रतिक्रिया में कहा कि बजट मध्य प्रदेश को विकसित राज्य बनाने के लिए कारगर साबित होगा। बजट के माध्यम से गरीब, युवा, किसान और नारी के कल्याण के लिए विभिन्न प्रकार के कार्यक्रमों और योजनाओं के लिए पर्याप्त धन मुहैया कराया गया है। प्रदेश के वित्त मंत्री द्वारा पेश किया गया बजट प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मिशन को आगे बढ़ने वाला ऐतिहासिक बजट है। लघु एवं कुटीर उद्योग को बढ़ावा देने के लिए पर्याप्त धन दिया गया है। सांसद डॉ मिश्रा ने कहा कि डा मोहन यादव के काम लगातार और फैसला असरदार की थीम पर काम करते हुए वित्त मंत्री श्री देवड़ा ने शानदार और विकसित मध्य प्रदेश बनाने के लिए बजट पेश किया है। जनजाति विकास के लिए 3 करोड़ 52 लाख से अधिक की राशि आवंटित की गई है, जिसके कारण जनजातिय वंन्धुओ को भाषा, साहित्य, कला और संस्कृति को संरक्षित करने का पर्याप्त अवसर मिलेंगे।
समृद्धिशाली और सर्वांगीण विकास को गति देने वाला बजट — रीती पाठक
बजट की साक्षी रही सीधी विधायक श्रीमती रीति पाठक ने बजट का स्वागत करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ज्ञान अर्थात गरीब, युवा, अन्नदाताओं व नारीशक्ति की संकल्पना को केंद्र में रखकर योजनाओं का निर्माण किया गया है इससे मध्यप्रदेश का सर्वांगीण विकास होगा।
यह बजट एक आत्मनिर्भर एवं विकसित मध्यप्रदेश की आधारशिला रखता है एवं समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण की भावना निहित है। इस बजट में आर्थिक विकास, सामाजिक समावेश एवं पर्यावरण संरक्षण का समुचित संतुलन देखने को मिला है। विधायक श्रीमती रीती पाठक ने क्षेत्र की जनता की ओर से अभूतपूर्व सौगातें प्रदान करने हेतु मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा का हार्दिक अभिनंदन किया है।
विकसित और स्वर्णिम मध्य प्रदेश बनाने का बजट – शरदेन्दु तिवारी
मध्य प्रदेश भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रदेश महामंत्री एवं चुरहट विधानसभा के पूर्व विधायक शरदेन्दु तिवारी ने मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के कार्यकाल में पेश किया गये बजट को विकसित और स्वर्णिम मध्य प्रदेश बनाने का बजट बताया। वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा द्वारा पेश किए गए बजट में जहां एक और किसानों को सम्पन्न और समृद्धशाली, युवाओं के लिए रोजगार और युवा नीति, शिक्षा और कौशल, स्वच्छ जलवायु ,औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने के लिए औद्योगिक वर्ष के रूप में घोषित होना, समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े हुए व्यक्ति का समग्र चिंतन, इस बजट में किया गया है। उपमुख्यमंत्री एवं वित्त मंत्री श्री देवड़ा द्वारा पेश किए गए बजट में विकसित भारत 2047 की झलक दिखती है।
बजट शानदार, हर वर्ग की चिंता — देव कुमार
भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष देव कुमार सिंह चौहान ने मध्य प्रदेश के वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा द्वारा प्रस्तुत किए गए बजट का स्वागत करते हुए कहा कि आज विधानसभा में पेश किया गया बजट अपने आप में एक सर्वजन हितैषी बजट है, जिसमें समाज के प्रत्येक वर्ग के लिए पर्याप्त धन मुहैया कराया गया है वहीं दूसरी ओर जिले में स्टेडियम, कृषक कल्याण, स्वामी विवेकानंद केंद्र, गांव संवर्धन एवं संरक्षण के अनेक उपाय, तालाब निर्माण, श्रम विभाग की योजनाएं, जिला विकास सलाहकार समिति का गठन आदि की घोषणाएं अपने आप में अद्वितीय हैं। इन सभी योजनाओं एवं कार्यक्रमों से प्रदेश के साथ-साथ जिले की जनता जनार्दन को लाभ होगा।
लोगों को मूर्ख बना रही सरकार- कमलेश्वर पटेल
पूर्व ग्रामीण विकास मंत्री कमलेश्वर पटेल ने कहा है कि उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने आज विधान सभा में बजट भाषण प्रस्तुत किया है वह सौ झूठों का पिटारा है। सरकार ने कितने बार बाजार से लोन लिया इसका हिसाब किताब देना चाहिए।
पटेल ने कहा कि हाल में हुई ग्लोबल इन्वेस्टर समिट के बारे में बढ़ा चढ़कर बातें कही गई है जबकि बताना यह चाहिए था कि 2007 से लेकर पिछली आठ इन्वेस्टर समिट में कितने निवेश प्रस्ताव पर उद्योग धंधे लगे। उन्होंने कहा कि इसकी जानकारी भाजपा के किसी भी विधायक को नहीं है।
उन्होंने कहा कि बजट भाषण में यही बताया गया की 18 नीतियां एक साथ जारी की गई जो हास्यास्पद है। केवल एक आयोजन के बहाने 18 नीतियों को एक साथ जारी करना किसी भी रूप में बुद्धिमानी नहीं है। इन नीतियों को आम लोगों के मत के लिए कभी सार्वजनिक नहीं किया ।
श्री पटेल ने कहा कि बजट में महंगाई को कम करने के लिए किसी भी प्रकार का कोई ठोस उपाय नहीं किया गया है।
वादा खिलाफी का बजट, सिर्फ आंकड़ों की हेराफेरी:- ज्ञान सिंह
बजट पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्ञान सिंह ने कहा कि सरकार का बजट पूरी तरह से निराश करने वाला है और इससे मध्य प्रदेश के नवनिर्माण का कोई रास्ता नजर नहीं आता। प्रदेश को कर्ज के बोझ तले दबा दिया गया है आय के कोई नए साधन नहीं बताएं गए किसानों को फसल का उचित मूल्य देने एवं खाद, बीज, बिजली और पानी के संकट की दिशा में बजट में कोई कदम नहीं उठाया गया। लाडली बहना योजना की राशि बढ़ाने और युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में कोई कदम नहीं उठाए गए। बजट सिर्फ आंकड़ों की हेराफेरी और हताश करने वाला है।
जनहित का मुद्दा पूरी तरह से सफाचट – दान बहादुर सिंह
जिले के वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं नगर पालिका परिषद के उपाध्यक्ष दान सिंह ने बजट पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि मध्य प्रदेश सरकार के वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा ने आज जो बजट पेश किया है उसमें सिर्फ बातों के बताशे बनाए गए हैं और जनहित का मुद्दा पूरी तरह सफाचट्ट है।
बजट में अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, अल्पसंख्यक और सर्व समाज के लिए किसी बुनियादी विकास की घोषणा नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि मोहन सरकार का यह बजट पूरी तरह से निराश करने वाला बजट है। इसमें आम आदमी को महंगाई से निजात दिलाने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।



