मध्य प्रदेश

कंटेनमेंट, बफर तथा संपूर्ण राजीव कॉलोनी क्षेत्र का करें गहन स्वास्थ्य सर्वे : डॉ. जटिया

कलेक्टर, एसपी एवं सीईओ जि.पं.ने किया देवदरा के प्रभावित क्षेत्र का दौरा

जिले में 28 मई को मिला चौथा कोरोना मामला

मण्डला।कलेक्टर डॉ. जगदीश चन्द्र जटिया, पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार शुक्ला एवं जिला पंचायत सीईओ तन्वी हुड्डा 28 मई की रात्रि में ग्राम देवदरा (प्रेमचौक, राजीव कॉलोनी) के युवक की कोरोना पॉजीटिव रिपोर्ट मिलने के तत्काल बाद कोरोना संक्रमित क्षेत्र पहुंचे। कलेक्टर ने युवक के निवास के आसपास के चिन्हित क्षेत्र को कंटेनमेंट ऐरिया घोषित करते हुए इलाके में शासन के निर्देशानुसार सभी जरूरी इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने घोषित कंटेनमेंट, बफर जोन के साथ-साथ संपूर्ण राजीव कॉलोनी क्षेत्र में गहन स्वास्थ्य सर्वे करने के निर्देश दिए। उन्होंने तैनात की गई स्वास्थ्य टीम को निर्देशित किया कि क्षेत्र के लोगों के स्वास्थ्य पर विशेष निगरानी रखी जाए ताकि समय रहते आवश्यक कदम उठाए जा सकें। उन्होंने सीएमएचओ डॉ. श्रीनाथ सिंह को युवक के परिजनों और उससे संपर्क में आने वाले समस्त व्यक्तियों की कोरोना जांच करने के निर्देश दिए। राजीव कॉलोनी क्षेत्र में मिले कोरोना पॉजीटिव केस को मिलाकर अब जिले में कोरोना पॉजीटिव केस की संख्या 4 हो गई है जिनमें से 2 एक्टिव केस, एक मरीज ठीक होकर डिस्चार्ज हुआ है तथा एक युवक की मृत्यु के बाद कोरोना जांच रिपोर्ट पॉजीटिव प्राप्त हुई थी।
डॉ. जटिया ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि युवक के परिजनों और उससे संपर्क में आने वाले समस्त व्यक्तियों की जानकारी गंभीरता से एकत्र करें। एसपी श्री शुक्ला ने बेरीकेटिंग की कार्यवाही तत्काल पूरा करते हुए जरूरी पुलिस बल की तैनाती से संबंधित निर्देश भी दिए। उन्होंने घोषित क्षेत्र में अनावश्यक आवाजाही प्रतिबंधित रखने और जरूरी सामान की आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधितों को दिए। इस अवसर पर सीएमएचओ डॉ. श्रीनाथ सिंह सहित प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग के संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page