पर्यावरण दिवस पर 3 हजार 881 तुलसी के पौधे लगाए गए

जनप्रतिनिधियों ने स्व-सहायता समूह की सदस्यों के घर लगाए पौधे
मण्डला।विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग जिला पंचायत के निर्देशन में जिले में कार्यरत् स्व-सहायता समूह के सदस्यों के घर जनप्रतिनिधियों द्वारा 3 हजार 881 तुलसी के पौधे लगाए गए। तुलसी का पौधा अपने औषधीय गुणों एवं रोग प्रतिरोधक क्षमता के लिए प्रसिद्ध है। कोरोना संक्रमण के दौरान तुलसी के पौधे के रोपण से ग्रामीण परिवारों के स्वास्थ्य में सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा। इस उद्देश्य से स्व-सहायता समूह की महिला सदस्यों के घर पर कम से कम एक तुलसी का पौधा लगाकर इस अभियान का शुभारंभ किया गया है। इस अवसर पर राज्यसभा सांसद संपतिया उईके ने बिनैका में स्व-सहायता समूह की महिला सदस्य के घर तुलसी का पौधा लगाया। इसी प्रकार मंडला विधायक देवसिंह सैयाम, निवास विधायक डॉ. अशोक मर्सकोले तथा बिछिया विधायक नारायण पट्टा ने अपने-अपने क्षेत्र में समूह की महिला सदस्य के घर तुलसी का पौधा रोपा। इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष सरस्वती मरावी, उपाध्यक्ष शैलेष मिश्रा, जिला पंचायत सीईओ तन्वी हुड्डा सहित जिला तथा जनपद सदस्य, जिला समन्वयक आजीविका मिशन बीडी भैसारे तथा संबंधित उपस्थित रहे। सीईओ जिला पंचायत ने बताया कि आगामी बारिश के दिनों में तुलसी एवं अन्य औषधीय गुणों के पौधों का ग्राम स्तर पर रोपण कार्य लगातार जारी रहेगा।



