अध्यात्म/धर्म दर्पणखास खबरजबलपुर दर्पणमध्य प्रदेश

पुलिस कंट्रोल रूम में सभी धर्मों के धर्मगुरुओं की हुई बैठक

शासन-एवं प्रशासन तय की गाइड लाइन एवं दिशा- निर्देशों का पूरी तरह पालन करें

जबलपुर। शहर में धर्म स्थलों को खोले जाने के विषय पर चर्चा करने आज सोमवार को पुलिस कंट्रोल रूम में सभी धर्मों के धर्मगुरुओं की बैठक बुलायी गई । बैठक में कलेक्टर भरत यादव, पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ बहुगुणा, नगर निगम आयुक्त आशीष कुमार , अपर कलेक्टर संदीप आर , अपर कलेक्टर हर्ष दीक्षित , जगतगुरु राघव देवाचार्य , स्वामी अखिलेश्वरानन्द, नायब मुफ्ती-ए-आजम मौलाना मुशाहिद रजा , विशप जेराल्ड अलमिडा , सरदार गुरजीत सिंह , सरदार सुरजीत सिंह तथा जैन स्मसज के प्रतिनिधि भी मौजूद थे । बैठक में सभी धर्मस्थलों को कल मंगलवार से सभी सावधानियों बरतते हुए खोलने का निर्णय लिया गया । बैठक में सभी धर्मगुरुओं ने प्रशासन को आश्वस्त किया कि धर्मस्थलों पर शासन-एवं प्रशासन तय की गाइड लाइन एवं दिशा- निर्देशों का पूरी तरह पालन किया जायेगा । बैठक में कोरोना के संक्रमण को काफी हद तक इसे नियंत्रित करने में कामयाब रहने के लिये कलेक्टर भरत यादव की अगुवाई में प्रशासन, पुलिस , नगर निगम एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा किये जा रहे प्रयासों की सराहना की गई ।

बैठक में कलेक्टर श्री यादव ने लॉकडाउन के फलस्वरूप मां नर्मदा के स्वच्छ हुए आँचल को बरकरार रखने के लिये सभी सम्प्रदायों के धर्मगुरुओं से नर्मदाभक्तों के लिये गाईड लाइन तय करने का आग्रह किया । उन्होंने कोरोना वायरस की रोकथाम के लिये उठाये गये कदमों और प्रतिबन्धों का पालन कराने के लिये लोगों को प्रेरित करने तथा समझाइश देने में प्रशासन को हर मौके पर सहयोग प्रदान करने लिये सभी धर्मगुरुओं का आभार जताया । साथ ही आगे भी इसी तरह से सहयोग का आग्रह किया । श्री यादव ने कहा कि धर्मस्थलों के खुल जाने के बाद और ज्यादा सतर्कता बरतने की जरूरत होगी । उन्होंने धर्मस्थलों के प्रवेश द्वार पर हाथ धोने की बेहतर व्यवस्था पर जोर देते हुए कहा कि धार्मिक स्थलों पर एक समय मे उतने ही लोगों को प्रवेश की अनुमति दी जाये जिससे कि फिजिकल डिस्टेंसिंग के नियम का पालन हो सके । श्री यादव ने कहा कि यह तय करने के लिये एसडीएम एवं सीएसपी धार्मिक स्थल के प्रमुख के साथ अपने क्षेत्र के धार्मिक स्थलों का निरीक्षण करेंगे और एक बार संख्या निर्धारित ही जाने के बाद इससे ज्यादा लोगों को प्रवेध की अनुमति नहीं दी जाएगी । उन्होंने धार्मिक स्थलों पर सामूहिक आरती जैसे कार्यक्रमों से बचने की सलाह भी दी । श्री यादव ने कहा कि इसके स्थान पर प्री- रिकॉर्डेड आरती का उपयोग करना ज्यादा बेहतर होगा । कलेक्टर ने कहा कि धार्मिक स्थलों पर प्रसाद चढाने एवं वितरित करने तथा भण्डारा एवं लंगर के आयोजन पर रोक रहेगी । इनकी वजाय जरूरतमंदों को सूखा राशन बांटा जा सकता है । उन्होंने कहा कि संक्रमण को रोकने सतर्कता के बतौर धर्मस्थलों पर पूजा एवं आरती में घण्टियों के इस्तेमाल भी नहीं किया जा सकेगा ।
श्री यादव ने धार्मिक स्थलों पर प्रबंधन समति द्वारा थर्मल स्केनर की व्यवस्था की करने की बात भी कही । उन्होंने कहा कि धर्म स्थलों पर प्रवेश करने वाले हर व्यक्ति पर नजर रखी जानी चाहिये और यदि किसी व्यक्ति में सर्दी, खांसी या बुखार के लक्षण दिखाई दे तो उसे प्रवेश करने से रोक दिया जाये । श्री यादव ने धर्मस्थलों पर अतिरिक्त मास्क भी रखे जाने की जरूरत भी बताई, ताकि यदि कोई व्यक्ति मास्क लाना भूल जाता है तो उसे सशुल्क उपलब्ध कराया जा सके ।
पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ बहुगुणा ने भी बैठक में विचार व्यक्त करते हुए धर्मस्थलों पर सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कराने और मास्क लगाने पर ही लोगों को प्रवेश देने का अनुरोध धर्मगुरुओं और धर्म स्थलों के प्रबन्धकों से किया । पुलिस अधीक्षक ने कहा कि धार्मिक स्थलों पर पब्लिक एड्रेस सिस्टम के माध्यम से लोगों को नियमों का पालन करने लगातार सचेत किया जाना चाहिये । उन्होंने कहा कि बाजार खुल चुके हैं और मॉल, होटल तथा रेस्टारेंट खोलने की अनुमति दी जा चुकी है । ऐसी स्थिति में कोरोना के संक्रमण फैलने का खतरा भी बढ़ गया है इसे देखते हुए अब और ज्यादा सतर्क और सावधान रहने की जरूरत है । पुलिस अधीक्षक ने धर्मस्थलों की प्रबंधन समितियों को अपने वालिंटियर भी तैनात करने का आग्रह किया जो नियमों का पालन कराने में सहयोगी बन सकें ।
बैठक में धर्मगुरुओं की ओर से भी कई महत्वपूर्ण सुझाव भी दिये गये । बैठक में अपर कलेक्टर संदीप जी आर ने पावर प्वाइंट प्रजेंटेशन के माध्यम से धर्मस्थलों के बारे में केंद्र शासन के गृह मंत्रालय और राज्य शासन के गृह विभाग द्वारा तय की गाइड लाइन के बारे में विस्तार से जानकारी दी ।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page