अवैध रुप से रेत का उत्खनन एवं परिवहन करने वालों के विरुद्ध मण्डला पुलिस का अभियान


पुलिस अधीक्षक मण्डला की विशेष टीम नें 03 मिनी ट्रक व 01 ट्रेक्टर को किया जप्त
मण्डला। जिलें में अवैध रुप से रेत का उत्खनन एवं परिवहन करने वालों के विरुद्ध मण्डला पुलिस द्वारा लगातार कार्यवाही की जा रही हैं । मण्डला पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार शुक्ला के द्वारा सभी थाना प्रभारियों को अवैध रेत के उत्खनन एवं परिवहन में संलिप्त लोगों के विरुद्ध लगातार कार्यवाही हेतु निर्देशित करने पर थाना कोतवाली, थाना महाराजपुर एवं थाना बम्हनी सहित जिले के अन्य थाना प्रभारियों द्वारा भी लगातार अवैध रुप से रेत के उत्खनन एवं परिवहन के विरुद्ध कार्यवाहियां की जा रही है । मण्डला पुलिस द्वारा खनिज विभाग को भी कार्यवाही में सहयोग हेतु लगातार पुलिस बल उपलब्ध करवाया जा रहा है ।
इसी तारतम्य में दिनांक 06 जुन 2020 को जिले के भड़िया तथा बरबसपुर क्षेत्र से भारी मात्रा में अवैध उत्खनन की सूचना मिलने पर खनिज विभाग की टीम को कार्यवाही हेतु पुलिस बल उपलब्ध करवाया गया था परंतु खनिज विभाग के नेतृत्व में की गई कार्यवाही में सफलता प्राप्त नहीं हो सकी । पुलिस अधीक्षक मण्डला कुमार शुक्ला को इस क्षेत्र से लगातार अवैध उत्खनन की सूचना प्राप्त होने पर पुलिस अधीक्षक मण्डला द्वारा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मण्डला विक्रम सिंह कुशवाह के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन कर कार्यवाही हेतु निर्देशित किया गया । पुलिस अधीक्षक मण्डला के निर्देशन में विशेष टीम द्वारा दिनांक 07.06.2020 को अवैध उत्खनन की सूचना मिलने पर दबिश दी गई तथा इस दौरान रेत से भरे हुए 03 मिनी ट्रक 709 क्रमाँक एम.पी. 51 जी-1040, एम.पी. 51जी-0318, एमपी 51 जी 0557 तथा एक ट्रेक्टर ट्राली क्रमाँक एमपी 51 एए 8157 को अवैध रुप से रेत का उत्खनन कर परिवहन करते हुए पकड़ा गया । उक्त वाहनों के चालकों से टीम द्वारा मौके पर पूछताछ के दौरान रेत परिवहन के संबंध में रायल्टी तथा अन्य आवश्य़क दस्तावेज नहीं होना पाया गया । मण्डला पुलिस द्वारा उक्त वाहनों को अवैध तरीके से रेत उत्खनन कर परिवहन करते पाये जाने से चारों वाहनों को जप्त कर थाना बम्हनी में खड़ा किया गया है । मण्डला पुलिस द्वारा प्रारंभिक कार्यवाही के पश्चात चारों वाहनों के विरूद्ध रेत का अवैध उत्खनन व परिवहन करने के संबंध में अग्रिम कार्यवाही हेतु खनिज विभाग को प्रकरण भेजें गये हैं । उक्त कार्यवाही में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विक्रम सिंह कुशवाह के नेतृत्व में थाना प्रभारी बम्हनी प्रदीप सोनी एवं सूबेदार निखिल द्विवेदी एवं रक्षित केन्द्र मण्डला से गठित टीम शामिल रही । पुलिस अधीक्षक मण्डला दीपक कुमार शुक्ला द्वारा जिलें में अवैध रेत के उत्खनन एवं परिवहन करने वालों के विरुद्ध आगे भी इसी प्रकार निरंतर कार्यवाही करने के लिये विशेष टीम को निर्देशित किया गया है । जिलें में कहीं भी अवैध रेत उत्खनन एवं परिवहन की सूचना पर मिलने पर तत्काल विशेष टीम के माध्यम से कठोर कार्यवाही की जावेगी ।



