मण्डला दर्पणमध्य प्रदेश

प्रदेश और जिला स्तरीय प्रावीण्य सूची में स्थान बनाने वाले विद्यार्थियों का किया सम्मान

राज्यसभा सांसद ने 5-5 हजार प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की

मण्डला। विगत दिनों कक्षा 10 वी का परीक्षा परिणाम घोषित हुआ है जिसमें प्रदेश स्तरीय प्रावीण्य सूची में जिले के 6 विद्यार्थियों ने अपना स्थान बनाया है। जिला प्रशासन द्वारा मेधावी बच्चों को सम्मानित करने ’सम्मान समारोह’ का आयोजन किया गया। समारोह में राज्य सभा सांसद संपतिया उइके ने मेधावी छात्रों को भावी जीवन के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि आज के बच्चे कल के भविष्य हैं। सभी बच्चे आगे भी मेहनत करें और अपने माता-पिता, स्कूल और जिले का नाम रोशन करें। श्रीमती उईके ने प्रदेश एवं जिला स्तरीय प्रावीण्य सूची में शामिल विद्यार्थियों को प्रोत्साहन राशि के रूप में 5-5 हजार रूपये देने की घोषणा की। विधायक मंडला देवसिंह सैयाम ने बच्चों को उनकी सफलता पर बधाई देते हुए उनके उज्जवल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। कलेक्टर हर्षिका सिंह ने कहा कि 10 वी बोर्ड की सफलता जीवन का पहला महत्वपूर्ण पड़ाव है। कोरोना जैसे समय में बच्चों ने पढ़ाई कर अच्छा परिणाम प्राप्त किया और जिले को गौरवांन्वित किया है। कार्यक्रम में मेधावी बच्चों ने बोर्ड परीक्षा के लिए बनाई गई अपनी रणनीति और मेहतन के बारे में बताया। समारोह में जिला प्रशासन द्वारा विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।
प्रदेश की दसवी बोर्ड की प्रावीण्य सूची में ज्ञानज्योति उमावि नैनपुर के सर्वोत्तम द्विवेदी ने 300 में से 299 अंक प्राप्त कर तीसरा स्थान प्राप्त किया है। इसी स्कूल के प्रिंस वंदेवार ने 300 में से 298 अंक प्राप्त कर पांचवा और याशीन खान ने 300 में से 297 अंक प्राप्त कर सातवां स्थान हासिल किया है। भारत ज्योति उमावि मंडला के पलक सुखवानी एवं सक्षम पटैल ने 300 में से 296 अंक प्राप्त कर नवमां स्थान तथा स्नेहा पटैल ने 400 में से 394 अंक प्राप्त कर दसवां स्थान हासिल किया है। जिला स्तरीय प्रावीण्य सूची में कुशल तिवारी एवं प्रसून साहू ने प्रथम, लिपिका सोनकेशरी, अरीन पटैल, अनीशा कछवाहा तथा भारती ठाकुर ने द्वितीय एवं शादिया कुरैशी तथा प्रखर पांडे ने तृतीय स्थान प्राप्त किया है।

हमारा घर हमारा विद्यालय कार्यक्रम’ के तहत कैलेंडर का विमोचन

जिला योजना भवन में आयोजित समारोह में ’हमारा घर हमारा विद्यालय कार्यक्रम’ के तहत आयोजित की जाने वाली विभिन्न गतिविधियों की जानकारी से संबंधित कैलेंडर का विमोचन किया गया। इस अवसर पर राज्यसभा सांसद संपतिया उइके, विधायक देवसिंह सैयाम, कलेक्टर हर्षिका सिंह, सीईओ जिला पंचायत तन्वी हुड्डा, अपर कलेक्टर मीना मसराम आदि उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page