ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्र में कोरोना से लड़ने सक्रिय सहयोग दें जनप्रतिनिधिः हर्षिका सिंह

कलेक्टर ने जिला एवं जनपद प्रतिनिधियों के साथ की बैठक
मण्डला। कलेक्टर हर्षिका सिंह ने वीडियो कॉन्फ्रेसिंग के माध्यम से जिले के सभी जनप्रतिनिधियों से नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों में कोरोना संक्रमण को रोकने संबंधी विस्तार से चर्चा की। बैठक में जिला पंचायत, जनपद पंचायत एवं नगरीय क्षेत्रों के जनप्रतिनिधि शामिल रहे। श्रीमती सिंह ने कहा कि सभी जनप्रतिनिधि ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्र में कोरोना से लड़ने सक्रिय सहयोग दें। इसी प्रकार अपने क्षेत्र में बाहर से आने वाले व्यक्तियों की तत्काल सूचना दें। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि अपने वार्ड या आसपास मॉस्क का उपयोग नहीं करने वाले एवं होम क्वारेंटाईन का पालन नहीं करने वाले व्यक्तियों की निगरानी करें उन्हें समझाईश दें तथा ऐसे व्यक्तियों की सूचना तत्काल प्रशासन को देने में सहयोग करें। कलेक्टर ने बताया कि किसी भी व्यक्ति का कोरोना जांच सेम्पल लेने के पश्चात उसे क्वारेंटाईन किया जा रहा है। ऐसे व्यक्तियों की घर, मोहल्ले या बाहर निकलने की सूचना स्थानीय जनप्रतिनिधियों के माध्यम से बेहतर रूप से प्राप्त की जा सकती है। उन्होंने पंचायत स्तर पर संस्थागत क्वारेंटाईन एवं होम क्वारेंटाईन किए जाने की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से बताया।
कलेक्टर ने सभी जनप्रतिनिधियों से अपील की कि वे कोरोना को हराने में प्रशासन का सहयोग करें। अपने क्षेत्र में जागरूकता से संबंधित प्रभावी कार्य करें तथा जनप्रतिनिधि होने के नाते सामाजिक दायित्व भी निभाए। उन्होंने आगामी दिनों में आने वाले त्यौहारों के मद्देनजर ग्रामीण तथा शहरी क्षेत्रों के बाजारों एवं दुकानों में भीड़ की संभावना को देखते हुए इसे नियंत्रित करने पर्याप्त इंतजाम सुनिश्चित कराने की बात कही। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि दुकानदारों एवं व्यापारियों से चर्चा कर उनके माध्यम से ग्राहकों को मॉस्क का उपयोग एवं सोशल डिस्टेसिंग का पालन कराएं। बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष सरस्वती मरावी ने ग्रामीण क्षेत्रों में मॉस्क के उपयोग को बढ़ावा देने, मॉस्क का अच्छी तरह से उपयोग एवं उपयोग के पश्चात उसका प्रभावी निपटान करने व्यापक प्रचार-प्रसार को जरूरी बताया। इसी प्रकार सभी जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्र की समस्याएं रखते हुए उनसे निपटने जरूरी उपायों पर चर्चा की।
बैठक में कलेक्टर ने सभी को सहयोग से सुरक्षा अभियान के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इस अभियान के अंतर्गत जनप्रतिनिधि भी अपने स्तर पर कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए अधिक से अधिक जागरूकता प्रसारित करने में सहयोग करें तथा स्थानीय ग्रामीण को जागरूक करें। उन्होंने जिले में कोरोना संक्रमण की स्थिति के बारे में जानकारी देते हुए प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा किए जा रहे इंतजामों के बारे में बताया। श्रीमती सिंह ने विकासखंड स्तर पर चिन्हित किए गए कोरोना केयर सेंटर तथा क्वारेंटाईन सेंटर के बारे में भी जानकारी दी। उन्होंने जिले में सक्रिय कंटेनमेंट क्षेत्र की जानकारी देते हुए उसमें किए जा रहे इंतजामों के बारे में भी बताया। बैठक में एडीएम मीना मसराम सहित वीडियो कॉन्फ्रेसिंग के माध्यम से जिला एवं जनपद स्तरीय तथा नगरीय क्षेत्रों के जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।



