सचिव के पास है अतिरिक्त प्रभार, पंचायत भवन खुलने का रहता है इंतजार

डिंडौरी,जबलपुर दर्पण ब्यूरो। जिले के जनपद पंचायत मेहदवानी में एक सचिव के पास दो-दो ग्राम पंचायत के अतिरिक्त प्रभार पास में होने से स्थानीय ग्रामीण पंचायत भवन खुलने का इंतजार करते नजर आ रहे है। बताया गया की ग्राम पंचायत कनेरी में पंचायत सचिव जेहर सिंह परस्ते के पास दो ग्राम पंचायत के प्रभार मिला हुआ है, जिससे अधिकांश समय पंचायत के जिम्मेदार सचिव पंचायत भवन से नदारद रहते हैं, यही कारण है कि लोग विभिन्न कार्यों के लिए पंचायत खुलने का इंतजार करते नजर आते हैं। गौरतलब है कि कनेरी पंचायत व कूटरई पंचायत में सचिव के पास प्रभार मिला हुआ है, जिससे दोनों ग्राम पंचायत के लोग सचिव के आने के इंतजार में रहते हैं। स्थानीय ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि जिम्मेदार सचिव के पास फोन कर पूछा जाता है, तो सचिव साहब दूसरी पंचायत में हूँ कह कर पल्ला झाड़ लेते हैं। बताया गया कि दूसरी पंचायत में सचिव से मिलने पहुंचे तो पता चला सचिव साहब दो दिनों से पंचायत भवन ही नही आए। अब सवाल यह उठता है जब सचिव साहब दोनों पंचायत में उपस्थित नही रहते, तो शासन के कई जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभ समय रहते ग्रामीणों को कैसे मिल सकेंगे।



