नरसिंहपुर दर्पणमध्य प्रदेश

अतिवृष्टि से हुई फसल क्षति


नरसिंहपुर। संभागायुक्त श्री महेश चंद्र चौधरी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में बाढ़ और अतिवृष्टि, कोरोना वायरस संक्रमण की रोकथाम, धान उपार्जन, खाद्यान्न एवं पात्रता पर्ची वितरण, वन अधिकार पट्टा वितरण की समीक्षा की गई। बैठक में कलेक्टर श्री वेद प्रकाश, पुलिस अधीक्षक श्री अजय सिंह, संयुक्त कमिश्नर विकास श्री अरविन्द यादव, अपर कलेक्टर श्री मनोज कुमार ठाकुर, जिला पंचायत के सीईओ श्री केके भार्गव सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।बैठक में संभागायुक्त श्री चौधरी ने कहा कि ज़िले में अतिवृष्टि के कारण जो फ़सलें प्रभावित हुई हैं, उनका सर्वे किया जाये। कृषि विभाग के श्री आरएन पटेल ने बताया कि सोयाबीन एवं उड़द की फ़सलें व्यापक तौर पर प्रभावित हुई हैं। संभागायुक्त श्री चौधरी ने कहा कि वे ग्रामवार एवं किसानवार क्षति पत्रक बनाकर राहत आयुक्त को प्रस्ताव भेजे। अपर कलेक्टर श्री मनोज कुमार ठाकुर ने बताया कि राजस्व विभाग द्वारा सर्वे कार्य के लिए दल बना लिए गए हैं। इनमें कृषि विभाग के कर्मचारी, पटवारी, सचिव एवं ग्राम रोज़गार सहायक शामिल हैं। संभागायुक्त श्री चौधरी ने कहा कि गठित किये गये दल समय सीमा के भीतर सर्वे कार्य करेंगे। सर्वे दल में शामिल अधिकारी- कर्मचारी द्वारा किये जाने वाले सर्वे कार्य की जानकारी का व्यापक प्रचार- प्रसार प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के माध्यम से करायेंगे, ताकि इसकी जानकारी अधिकाधिक लोगों तक पहुँचे। उन्होंने निर्देशित किया कि सर्वे कार्य में किसी भी प्रकार की शिकायत नहीं आनी चाहिए। उन्होंने निर्देश दिये कि अतिवृष्टि के कारण क्षतिग्रस्त मकानों एवं जन हानि की राहत राशि का वितरण भी सुनिश्चित किया जाये।
अतिक्रमण करने वालों के विरूद्ध हो कड़ी कार्रवाई
          क़ानून व्यवस्था पर समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि इनामी अपराधियों पर लगातार कार्रवाई हो। अतिक्रमण वाले क्षेत्रों से अतिक्रमण हटाया जाए। अवैध रेत ज़ब्ती के पश्चात राजसात की कार्रवाई हो। ज़ब्तशुदा रेत की नीलामी की कार्रवाई जिला खनिज अधिकारी सुनिश्चित करें।
         कोरोना वायरस संक्रमण की समीक्षा करते हुए संभागायुक्त श्री चौधरी ने कहा कि कोविड केयर सेंटरों में भर्ती किए गए मरीज़ों का ख़याल बेहतर तरीक़े से रखा जाए। उन्हें परिवार के सदस्यों की भाँति रखा जाए, ताकि उन्हें किसी भी प्रकार की तक़लीफ़ नहीं हो। सिविल सर्जन डॉ. अनीता अग्रवाल ने बताया कि जिला चिकित्सालय में ऑक्सीजनयुक्त 150 बैड की व्यवस्था की गई है। मरीज़ों को आवश्यकतानुसार ही ऑक्सीजन दी जाये। संभागायुक्त श्री चौधरी ने कहा कि इस संबंध में जिला चिकित्सालय के डॉक्टरों एवं स्टाफ़ को ट्रेनिंग दी जाये। मरीजों को प्रदान की जाने वाली ऑक्सीजन का युक्तियुक्त उपयोग हो इस बात का विशेष ध्यान रखा जाए। जिले के नज़दीकी क्षेत्रों में अगर ऑक्सीजन प्लांट हो, तो इसकी भी जानकारी एकत्रित करें। संभागायुक्त ने कहा कि कोविड केयर सेंटरों में भर्ती किए जाने वाले मरीज़ों को मोटिवेट किया जाये कि उन्हें कोरोना से घबराने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने नागरिकों से सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने की अपील की। साथ ही उन्होंने कहा कि लोग शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाने वाले तत्वों को आहार में शामिल करें। जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा संयुक्त रूप से किये गये बेहतर कार्य की संभागायुक्त ने प्रशंसा की।
          बैठक में संभागायुक्त श्री चौधरी ने जिला प्रशासन को सफलतापूर्वक रबी उपार्जन करने के लिए बधाई दी। वन अधिकार पट्टा वितरण की समीक्षा के दौरान कलेक्टर श्री वेद प्रकाश ने बताया कि कुल अनुसूचित जनजाति के जो 1440 व्यक्तिगत दावे हैं, उनमें से अभी तक 517 दावे स्वीकृत हो चुके हैं। उन्होंने बताया कि जो दावे निरस्त हो चुके हैं, उनके कारणों का विश्लेषण किया जा रहा है। खाद्यान्न एवं पात्रता पर्ची वितरण कार्यक्रम जिला मुख्यालय पर 7 सितम्बर को आयोजित होना है। इस कार्यक्रम में सोशल डिस्टेंसिंग का पालन हो, यह सुनिश्चित करें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page