मण्डला दर्पणमध्य प्रदेश

कलेक्टर ने समय सीमा सहित महत्वपूर्ण विषयों पर ली बैठक

प्रति सप्ताह अधिक से अधिक शिकायत निवारण का लक्ष्य रखें – हर्षिका सिंह

मण्डला। कलेक्टर हर्षिका सिंह ने योजना भवन में समय सीमा बैठक ली। बैठक में उन्होंने सीएम हेल्पलाईन की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने सीएम हेल्पलाईन के विभिन्न स्तरों पर आने वाली शिकायतों एवं उनके निराकरण के लिए विभाग प्रमुखों द्वारा किए गए प्रयासों की जानकारी ली। श्रीमती सिंह ने कहा कि सीएम हेल्पलाईन की शिकायतों को प्राथमिकता में रखते हुए प्रति सप्ताह अधिक से अधिक शिकायतों के निवारण का लक्ष्य रखें। उन्होंने कहा कि शिकायतों का निराकरण संतुष्टिपूर्ण करें। उन्होंने अधिकारियों को सीएम हेल्पलाईन में जिले की रैकिंग सुधारने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने ऊर्जा, वन, राजस्व, खाद्य तथा अन्य विभागों की शिकायतवार समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों को बिना अटेंड किए अगले स्तर पर न भेजें। शिकायत निवारण नहीं किए जा सकने की स्थिति में पर्याप्त जानकारी तैयार रखें।
कलेक्टर ने स्कूल शिक्षा विभाग की शिकायतों पर जिला शिक्षा अधिकारी से रिपोर्ट मांगी। उन्होंने सीएम हेल्पलाईन में जेईई नीट परीक्षा में परिवहन सुविधा के लिए मिली शिकायतों के निराकरण के निर्देश दिए। उन्हांेने कहा कि परीक्षार्थियों द्वारा परिवहन की सुविधा से संबंधित शिकायतों का प्राथमिकता से निराकरण करें एवं उन्हें परीक्षा में शामिल होने परिवहन सुविधा उपलब्ध कराएं। श्रीमती सिंह ने जिला शिक्षा अधिकारी से अब तक जेईई नीट परीक्षा के विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध कराई गई परिवहन सुविधा की जानकारी मांगी। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को परीक्षा में शामिल होने किसी भी प्रकार की समस्या का सामना न करना पड़े। बैठक में उन्होंने वनाधिकार दावे, वन्य जीव से संबंधित शिकायतें, पशुपालन विभाग द्वारा बनाए जा रहे किसान क्रेडिट कार्ड तथा टीकाकरण कार्यक्रम की जानकारी भी ली।
श्रीमती सिंह ने बिना सूचना के बैठक में अनुपस्थित रहने वाले अधिकारियों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने आयुष अधिकारी के बिना सूचना के बैठकों में लगातार अनुपस्थित रहने के कारण उनका निलंबन प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए। इसी प्रकार श्रीमती सिंह ने सचिव कृषि उपजमंडी को भी बैठक में अनुपस्थिति संबंधित नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने सिविल सर्जन से संबंधित शिकायतों के निराकरण में देरी पर नाराजगी व्यक्त की। कलेक्टर ने जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र प्राप्त करने संबंधी सीएम हेल्पलाईन की शिकायतों पर नगरीय निकायों के सीएमओ सहित संबंधित अधिकारियों को चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र संबंधित आवेदक को यथाशीघ्र उपलब्ध करायें। बैठक में उन्होंने 700 दिवस से अधिक की लंबित शिकायतों से संबंधित विभागों से जवाब-तलब किया।
कलेक्टर ने जनसुनवाई के प्रकरण, उच्च न्यायालय में लंबित रीव्यू पिटीशन, समय सीमा के अंतर्गत दी जाने वाली सेवाएं, विभागीय समन्वय एवं अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत निर्देश दिए। उन्होंने एनएफएसए के अंतर्गत सभी पात्र दिव्यांगजनों को जोड़ने के निर्देश दिए। उन्होंने सीएम मॉनिट, प्रधानमंत्री किसान योजना तथा शहरी पथ विक्रेता से संबंधित कार्य की प्रगति जानी। श्रीमती सिंह ने बैठक में गिरदावरी समीक्षा, मतदाता सूची, नए निर्माण कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि आगामी निर्माण कार्यों में दिव्यांगजनों के लिए दिव्यांग फ्रेंडली व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें। इसी प्रकार नए निर्माण कार्यों में जल संरक्षण से संबंधित वाटर हार्वेस्टिंग की सुविधा भी बनाएं। बैठक में एडीएम, एसडीएम मंडला सहित संबंधित उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page