आखिर कब तैयार होगी संगठित माफियाओं की कुंडली

एडीजी सीआईडी ने एसपी को जारी किया रिमाइंडर पत्र
रीवा। मध्य प्रदेश के सभी जिलों में रहने वाले संगठित माफियाओं की जन्म कुंडली तैयार करने का सरकारी फरमान जारी होने के बाद भी पुलिस अधीक्षकों की लापरवाही के कारण संगठित अपराधियों और माफियाओं की जानकारी नहीं पहुंची। जिस पर एडीजी सीआईडी कैलाश मकवाणा ने पुलिस अधीक्षकों को रिमाइंडर पत्र जारी किया है। आगामी 25 नवंबर 2020 तक पुलिस अधीक्षकों को लिस्ट सीआईडी मुख्यालय भेजनी है। आखिर विंध्य प्रदेश के रीवा, सतना और सीधी जिले के पुलिस अधीक्षक कब तक संगठित माफियाओं की लिस्ट भेजेंगे? लिखित आदेश जारी होने के बाद भी इस मामले में जिलों के पुलिस अधीक्षकों ने तत्परता के साथ गंभीरता नहीं दिखाई है। जब सतना एसपी की कुर्सी पर रियाज इकबाल तैनात थे उसी दौरान सितंबर”2020 में एडीजी सीआईडी का पहला आदेश जारी हुआ था। सिंहपुर थाने के लाकप में गोलीकांड पर उठे बवंडर के बाद रियाज इकबाल की विदाई होने के बाद नये पुलिस अधीक्षक की दस्तक सतना जिले में हो गई। इसके बाद भी अभी तक सतना पुलिस अधीक्षक आफिस से संगठित माफियाओं की जन्म कुंडली सीआईडी मुख्यालय नहीं पहुंची है। जबकि सतना शहर से लेकर जिले भर में खनन माफिया, जमीन माफिया, राशन माफिया, शिक्षा माफिया का पूरा रैकेट दिनों दिन तरक्की की मंजिलें चढ़ता जा रहा है।
प्रदेश स्तर पर डाटा जुटा रहा है सीआईडी मुख्यालय
पुलिस मुख्यालय भोपाल संगठित अपराधियों और माफियाओं की जानकारी जुटाने में लगा हुआ है। रेत, ड्रग्स, शिक्षा, मानव तस्करी सहित भू माफियाओं की सूची तैयार हो रही है। अपराध अनुसंधान विभाग (सीआईडी) ने संगठित माफियाओं का डाटा तलब किया है। जिलों के एसपी को आदेश जारी कर एडीजी सीआईडी कैलाश मकवाणा ने जिलों के ऐसे संगठित अपराधी और माफियाओं की सूची तैयार कर उनकी संपूर्ण जानकारी मुख्यालय भेजने के निर्देश दिए हैं। पुलिस अधीक्षकों को यह जानकारी पहले 16 नवंबर तक भेजनी थी। लेकिन मध्य प्रदेश के 26 जिलों के एसपी ने मांगी गई जानकारी भेजने में कोई दिलचस्पी नहीं दिखाई, जिस पर एडीजी सीआईडी ने पुलिस अधीक्षकों को फटकारते हुए रिमाइंडर पत्र जारी किया है। तत्परता के साथ पुलिस अधीक्षकों से संगठित अपराधियों और माफियाओं की कुंडली आगामी 25 नवंबर 2020 तक मुख्यालय भेजने के निर्देश दिए हैं।
विभिन्न किस्म के माफियाओं का जिले में फैला रैकेट
सतना सहित मध्य प्रदेश के अन्य जिलों में विभिन्न किस्म के संगठित अपराधी और माफिया सक्रिय हैं। यही सुनियोजित तरीके से एक गिरोह के रुप में काम करते हैं। ऐसे अपराधियों की फाइल तैयार की जा रही है। संभव है कि आने वाले समय में संगठित अपराधियों और माफियाओं पर सरकार बड़ा एक्शन ले सकती है। जिले के सक्रिय संगठित अपराधियों और माफियाओं की जानकारी तैयार कराई जा रही है। इसमें अवैध लेटेराइट, बालू उत्खनन, रियल स्टेट, भू माफिया, फिरौती के लिए अपहरण करने वाले माफिया, अवैध हथियार, ड्रग्स तस्करी, अवैध शराब, जुंआ, सट्टा, वेश्यावृत्ति, मानव तस्करी, अवैध वन कटाई, कोयला तस्करी, शिक्षा माफिया और अन्य किस्म के आर्थिक अपराधों में लिप्त संगठित अपराधियों और माफियाओं की फाइल तैयार की जा रही है। इसी फाइल को आगामी 25 नवंबर तक सीआईडी मुख्यालय भोपाल भेजना है।



