नवजात बच्चों की स्वास्थ्य स्थिति की सघन निगरानी के कलेक्टर ने दिए निर्देश

स्वास्थ्य विभाग एवं महिला बाल विकास विभाग का अमला करेगा सर्वे
अनूपपुर से विकास ताम्रकार । कलेक्टर चंद्रमोहन ठाकुर ने 3 माह से कम उम्र के नवजात बच्चों की स्वास्थ्य स्थिति पर कड़ी नज़र रखने एवं आवश्यकतानुसार त्वरित रूप से स्वास्थ्य सुविधाएँ मुहैया कराने के निर्देश स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को दिए हैं। श्री ठाकुर ने स्वास्थ्य विभाग के साथ-साथ महिला बाल विकास विभाग के अमले को सभी नवजात बच्चों का सर्वे करने के लिए निर्देशित किया है। महिला बाल विकास विभाग के अमले द्वारा उक्त जानकारी स्वास्थ्य विभाग को साझा की जाएगी। स्वास्थ्य विभाग तथा महिला एवं बाल विकास विभाग सर्वे की दैनिक प्रगति साझा करेंगे।
सर्वे के दौरान नवजात बच्चों का वजन, साँस लेने में तकलीफ़ एवं अन्य बच्चों से सम्बंधित समस्याओं की जाँच की जाएगी। इस दौरान कलेक्टर श्री ठाकुर के द्वारा डायल 108 सेवा की उपलब्धता सुचारु रूप से बनाए रखने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने कहा सेवा प्रदाय में किसी भी प्रकार की समस्या होने पर तुरंत साझा किया जाय ताकि समय से उनका निदान किया जा सके। इस दौरान आपके द्वारा एसएनसीयू एवं पीआईसीयू में स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति की भी समीक्षा की गयी। उल्लेखनीय है कि 3 माह से कम आयु वर्ग के ज़िले में लगभग 19 हज़ार नवजात बच्चे हैं, जिनका स्वास्थ्य सर्वे 10 दिसंबर तक पूर्ण किया जाना है एवं नियमित रूप से निगरानी की जानी है।



