मण्डला दर्पणमध्य प्रदेश

कोविड टीकाकरण के महाअभियान को सफल बनाने सभी करें सहयोगः शिवराज सिंह चौहान

मुख्यमंत्री ने जनप्रतिनिधि, धर्मगुरूओं से की वीडियो कॉन्फ्रेसिंग

मण्डला। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि 16 जनवरी से दुनिया के सबसे बड़े टीकाकरण अभियान कोविड वैक्सीनेशन की शुरूआत की जा रही है। इस महाअभियान को सफलता का रूप देने के लिए शासन, प्रशासन और पूरा अमला कटिबद्ध है। समाज के सभी वर्ग के लोग, जनप्रतिनिधि, धर्मगुरू, मीडिया, अधिकारी, कर्मचारी और आम नागरिक टीकाकरण के इस महाअभियान में सहयोग प्रदान करें। मुख्यमंत्री श्री चौहान राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन मध्यप्रदेश भोपाल के कार्यालय से वीडियो कॉन्फ्रेसिंग के माध्यम से सभी जिलों के जनप्रतिनिधियों, धर्मगुरूओं एवं अधिकारियों को संबोधित कर रहे थे। इस मौके पर स्वास्थ्य मंत्री डॉ प्रभुराम चौधरी और चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग भी उपस्थित थे। मंडला कलेक्ट्रेट स्थित एनआईसी के कक्ष से राज्यसभा सांसद संपतिया उईके, विधायक निवास डॉ. अशोक मर्सकोले, जिला पंचायत अध्यक्ष सरस्वती मरावी, कलेक्टर हर्षिका सिंह, पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह राजपूत, सीईओ जिला पंचायत तन्वी हुड्डा, सीएमएचओ डॉ. श्रीनाथ सिंह तथा विभिन्न धर्मों के जनप्रतिनिधि सम्मिलित हुए।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि प्रदेश में सबके सहयोग से एकजुट होकर कोरोना के विरूद्ध लड़ाई लड़ी गई है, जिससे मध्यप्रदेश में कोरोना कभी भी आउट ऑफ कंट्रोल नहीं हो सका। उन्होंने कहा कि टीकाकरण से ही कोरोना को हम मध्यप्रदेश से पूरी तरह खत्म कर पाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि 16 जनवरी को टीकाकरण अभियान में सबसे पहला टीका सफाई कर्मचारी को लगाया जाए। इस अभियान में शहर के प्रतिष्ठित चिकित्सकों, प्रबुद्ध लोगों, धर्मगुरूओं को भी शामिल कर समाज में टीकाकरण अभियान के संदर्भ में जनजागरूकता लाई जाए। इस अभियान में सभी मिलकर समाज का मार्गदर्शन करें।

मीडिया से टीकाकरण के लिए सकारात्मक माहौल बनाने की अपील

प्रदेश में 16 जनवरी से इस टीकाकरण के महाअभियान की शुरूआत हो रही है। उन्होने कहा कि कोरोना के खिलाफ यह टीका पूर्णतः सुरक्षित है और वैज्ञानिकों के द्वारा इसे हर कसौटी पर कसा गया है। उन्होंने भ्रम तथा अफवाहों पर ध्यान न देते हुए इस महाअभियान को सफल बनाने की अपील की। उन्होंने मीडिया के मित्रों से भी अपील की है कि इस कोविड महामारी से बचाव के लिए प्रदेश में शुरू हो रहे महाअभियान के लिए सकारात्मक माहौल बनाएं। उन्होंने कहा कि सबके सहयोग से ही प्रदेश में टीकाकरण का अभियान सफल होगा।

चरणबद्ध रूप से होगा टीकाकरण

वीडियो कॉन्फ्रेसिंग में अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य मोहम्मद सुलेमान ने जानकारी देते हुए कहा कि चरणबद्ध रूप से टीकाकरण किया जाएगा। उन्होने बताया के कोविड टीकाकरण की प्राथमिकता के लिए तीन समूह बनाए गए हैं। प्रथम चरण में 4.17 लाख स्वास्थ्य कर्मियों को टीकाकरण, द्वितीय चरण में फ्रंटलाइन वर्कर्स और तीसरे चरण में 50 साल से अधिक आयु वर्ग के आम नागरिकों को टीकाकरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया हैं। पूरे प्रदेश में प्रथम चरण के टीकाकरण के लिए 150 साइट का चयन किया गया है। इस चरण में सवा 2 लाख हेल्थ वर्करों को टीके लगाए जाएंगे। एक साइट में एक टीकाकरण सत्र में 100 लोगों को टीका लगाया जाएगा। टीकाकरण सत्र सप्ताह में चार दिन का रहेगा। उन्होंने बताया कि हर पात्र व्यक्ति को कोविड वैक्सीन की दो डोज 28 दिन के अंदर दी जाएगी। पोर्टल पर दर्ज हितग्राही को एसएमएस के माध्यम से सूचित कर टीकाकरण के लिए बुलाया जाएगा। हर टीकाकरण साइट की संस्था में एसडीएम और एक मेडीकल ऑफीसर और डॉक्टर टीम भी उपस्थित रहेगी। इसके अलावा हर टीकाकरण केन्द्र पर आवश्यकतानुसार एक एम्बुलेंस भी रखी जाएगी। अपर मुख्य सचिव ने बताया कि कोविड वैक्सीन का यह टीका पूर्णतः सुरक्षित, प्रभावकारी और विश्वसनीय है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page