बम्हौरी गांव के पनपथा समीप बनेगा टाइगर सफारी

कटनी दर्पण। मुकुंदपुर टाइगर सफारी की तर्ज पर कटनी जिले के बम्हौरी गांव के समीप बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के पनपथा रेंज में पचपेड़ी टाइगर सफारी का विस्तार होगा। 50 हेक्टेयर क्षेत्र में प्रस्तावित टाइगर सफारी में पर्यटक कभी भी बाघ व दूसरे वन्यप्राणियों को करीब से देख सकेंगे। पचपेड़ी टाइगर सफारी के लिए बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व प्रबंधन द्वारा तैयार डीपीआर को नेशनल टाइगर कन्जर्वेशन अथारिटी (एनटीसीए) से मंजूरी का इंतजार है।पचपेड़ी टाइगर सफारी के लिए बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व प्रबंधन द्वारा तैयार प्रस्ताव में खुले में वन्यप्राणियों को रखने की योजना है। पनपथा बफर से लगे क्षेत्र में टाइगर सफारी विकसित होने से कटनी में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।वर्तमान में बांधवगढ़ व पन्ना टाइगर रिजर्व जाने वाले अधिकांश पर्यटक ट्रेन व अन्य साधनों से कटनी पहुंचकर कार व दूसरे साधन से इन टाइगर रिजर्व तक पहुंचते हैं। ऐसे पर्यटकों को पचपेड़ी टाइगर सफारी में आसानी से वन्यप्राणियों का दीदार होगा।बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व प्रबंधन के फील्ड डायरेक्टर विसेंट रहीम ने बताया कि पचपेड़ी टाइगर सफारी का प्रस्ताव है। पनपथा बफर से लगे क्षेत्र को चिन्हित कर तैयार डीपीआर को दिल्ली से मंजूरी मिलने के बाद आगे का काम होगा। चिन्हित स्थान कटनी से कनेक्टिविटी में मेन रोड पर है।



