ई-उपार्जन पंजीयन केन्द्रों का सतत् निरीक्षण करें संबंधित अधिकारी

कलेक्टर ने रेंडम आधार पर किया गिरदावरी का सत्यापन
मण्डला।’सारा ऐप्प’ के माध्यम से गिरदावरी सत्यापन का कार्य राजस्व, कृषि एवं उद्यानिकी विभाग के अधिकारियों द्वारा किया जा रहा है। इसी क्रम में कलेक्टर हर्षिका सिंह ने मंडला विकासखंड के नांदिया एवं नैनपुर विकासखंड के समनापुर ग्राम में गिरदावरी सत्यापन हेतु रेंडम आधार पर चयनित खसरा नक्शों का सत्यापन किया। भ्रमण के दौरान कलेक्टर हर्षिका सिंह ने संबंधित अधिकारियों से ग्राम में मूलभूत सुविधाओं तथा ग्राम में किए गए विकास कार्यों के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने राजस्व निरीक्षक एवं पटवारियों से कृषकों की संख्या तथा फसलों से संबंधित प्रश्न किए। गिरदावरी सत्यापन के दौरान उपस्थित किसानों से कलेक्टर ने ग्राम में सिंचाई सुविधाओं के संबंध में फीडबैक लिया। कलेक्टर ने किसानों से ई-उपार्जन पंजीयन के संबंध में जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि ई-उपार्जन पंजीयन केन्द्रों का सतत् निरीक्षण किया जाए। सुनिश्चित किया जाए कि किसानों को पंजीयन में किसी प्रकार की असुविधा न हो। संबंधित विभाग के अधिकारी किसानों को पंजीयन के संबंध में समुचित तकनीकि सहयोग प्रदान करें। इस अवसर पर एसडीएम नैनपुर शिवाली सिंह, अधीक्षक भू अभिलेख राकेश खम्परिया सहित संबंधित अधिकारी तथा कृषकगण उपस्थित रहे।



