खदानों का पानी खेतों तक पहुंचाने का प्रयास

विधायक संजय सत्येंद्र पाठक ने विधानसभा में प्रस्तुत की याचिका
कटनी दर्पण। विजराघवगढ़ विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत औद्योगिक नगर कैमोर सहित बड़ारी, अमेहटा, जमुआनी, भटुरा, हर्रैया आदि ग्रामों में एसीसी एवं अन्य खनिज उद्योगपतियों की दर्जनों ऐसी खदानें हैं जिनमें लाखों क्यूसेक पानी भरा है। इनमें से अधिकांश खदानों में उत्खनन कार्य बंद हो चुका है, कुछ में बारिश के बाद उत्खनन शुरू करने से पहले मोटर लगाकर पानी बाहर फेंका जाता है। एक ओर तो एसीसी सहित अन्य खदानों में अथाह जलराशि भरी पड़ी है वहीं दूसरी ओर पानी के अभाव में किसानों के खेत सूखे पड़े हैं। क्षेत्र के सक्रिय और ऊर्जावान विधायक संजय सत्येन्द्र पाठक की मंशा थी कि खदानों का यह पानी किसी तरह प्यासे खेतों तक पहुंचे, जिससे क्षेत्र के किसानों को सिंचाई सुविधा का लाभ मिल सके। अपनी इस मंशा को मूर्त रूप देने के लिए विधायक श्री पाठक ने विधानसभा अध्यक्ष के समक्ष एक याचिका प्रस्तुत की है जिसमें आग्रह किया गया है कि एसीसी की कैमोर एवं आसपास स्थित खदानों का पानी खेतों तक पहुंचाने सिंचाई योजना को स्वीकृति प्रदान की जाए।



