जानलेवा हमले से युवक घायल, जिला अस्पताल में इलाज जारी

डिंडोरी,जबलपुर दर्पण न्यूज। कोतवाली थाना अंतर्गत बहेरा टोला गांव में कल शनिवार को चार युवकों ने मिलकर एक युवक पर जानलेवा हमला कर दिया, जिससे युवक गंभीर हो गया, गंभीर हालत में युवक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया गया कि गांव के चार लोगों ने मिलकर युवक को डंडे से पीट-पीटकर सिर सहित शरीरों के अन्य हिस्सों में घातक चोटें पहुंचाई है, जिसके बाद युवक का इलाज जिला अस्पताल मे किया जा रहा है। बताया गया कि घटना शनिवार सुबह लगभग 7 से 8 बजे की है जब पीड़ित युवक अपने निजी घर की मरम्मत कार्य कर रहा था, उसी दरमियान गांव के ही चार युवकों ने मिलकर पीड़ित पर प्राणघातक हमला कर दिया, जिससे पीड़ित गंभीर हो गया। परिजनों द्वारा घटना की सूचना एंबुलेंस वाहन को दी गई, एंबुलेंस की मदद से घायल गंभीर युवक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, घटना में युवक के सिर में गंभीर चोटें आने से आठ टांके सिर में लगाने पड़े हैं, जिससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि चोटें कितने गंभीर है।
कोतवाली पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ दर्ज किया मामला।
घटना के बाद कोतवाली पुलिस ने प्राथमिक रिपोर्ट के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। जानकारी अनुसार पीड़ित पुरुषोत्तम सिंह राठौर के ऊपर गांव के अनावेदक भीम सिंह राठौर, ईश्वर सिंह राठौर, अर्जुन सिंह राठौर, दुलारे सिंह राठौर तथा गोलू राठौर के द्वारा बिना किसी कहासुनी के अचानक युवक पर जानलेवा हमला कर दिया। घटना के बाद कोतवाली थाने में प्राथमिक रिपोर्ट के आधार पर आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने धारा 294,323, 324, 506,34 के तहत मामला पंजीबद्ध कर आरोपियों के खिलाफ जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद से ही पीड़ित युवक का इलाज जिला अस्पताल में जारी है। पुलिस जांच के बाद व पीड़ित युवक की मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर पुलिस धाराएं और भी बढ़ा सकती है, फिलहाल पूरे मामले को लेकर कोतवाली पुलिस जांच कर रही है।



