बाढ़ नियंत्रण संबंधी बैठक में दिये गये अहम दिशा निर्देश

प्रत्येक पुल-पुलियों पर बैरियर लगवाये जायें-कलेक्टर
जबलपुर दर्पण दमोह ब्यूरो भूपेंद्र साहू
कलेक्टर तरूण राठी ने अधिकारियों से कहा है कि प्रत्येक पुल-पुलियों पर बैरियर लगाये जायें और कर्मचारियों की ड्यूटी भी लगाई जायें। शहरी क्षेत्र में तेज वर्षा होने पर अधिकारी भ्रमण भी करें। उक्ताशय के निर्देश कलेक्टर तरूण राठी ने अधिकारियों को दिये। उन्होंने कहा पुलों और रपटों पर लोग अनावश्यक ना पहुंचे। श्री राठी दोपहर बाढ़ नियंत्रण संबंधी बैठक में दिशा निर्देश दे रहे थे। श्री राठी ने कहा बीते दिनों बाढ़ में दो लोग बह गये, इसे गंभीरता से लें और कारणों में भी जायें। बैठक में एडीशनल कलेक्टर आनंद कोपरिहा विशेष रूप से मौजूद रहे। कलेक्टर तरूण राठी ने राजस्व अधिकारियों से कहा पुलिस अधिकारियों के साथ बैठकर व्यवस्था तय कर ली जायें। उन्होंने कहा उनके क्षेत्र में पुल-पुलिया क्षतिग्रस्त हैं, तो अवगत करायें। उन्होंने होमगार्ड कमाण्डेन्ट से उपकरणों की उपलब्धता आदि के संबंध में जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा निर्देश दिये। कलेक्टर ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी से कहा ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों पेयजल स्त्रोत पर दवा डलवा दी जायें। उन्होंने तैराक और गोताखोर की सूची प्रत्येक थानों में उपलब्ध सुनिश्चित करने के लिए कहा। बैठक में एडीशनल कलेक्टर कोपरिहा ने बताया बाढ़ नियंत्रण कक्ष का दूरभाष क्रमांक 07812-224598 है। आयोजित बैठक में एसडीएम दमोह गगन विशेन, डिस्ट्रीक्ट होमगार्ड कमाण्डेन्ट रजनी खटीक सहित संबंधित अधिकारी और व्हीसी के माध्यम से सभी एसडीएम तथा संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।



