भाजपा मोदी का जन्मोत्सव मनाने में मग्न: कांग्रेस

जबलपुर दर्पण। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी प्रदेश प्रवक्ता टीकाराम कोष्टा ने भाजपा द्वारा प्रधानमंत्री का 20 दिवसीय दिखावटी जन्मोत्सव मनाने के फैसले पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए सरकारी खजाने की बर्बादी और जनता के साथ एक क्रूर मजाक बताया है। अपनी झूठी छबि बनाने के लिए भाजपा बड़बोले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जन्मदिन मनाकर देश की जनता की गाढ़ी कमाई पानी में बहाकर झूठी शान लूटने पर अमानवीय स्वांग रच रही है। उन्होंने कहा कि जहां आज सारा विश्व कोरोना महामारी के कारण से जूझ रहा है, वहीं भारत भी इससे अछूता नहीं रहा और इस महामारी में देश के लाखों लोग काल कलवित हो गये, लोगों के काम-धंघे छिन गये, मजदूर अपने घरों में बैठ गये, लाखों नौकरियां चली गई, उद्योग चौपट हो गये, छोटे दुकानदारों के व्यवसाय बंद हो गये, जिससे देश की गरीब-मध्यम वर्गीय जनता आर्थिक तंगी के दौर से गुजर रही है। वहीं भीषणतम महंगाई, बेरोजगारी, महिलाओं पर अत्याचार बढ़ रहे अत्याचार से जनता कराह रही है और ऐसे समय में मप्र का भाजपा नेतृत्व प्रधानमंत्री को खुश करने के लिए उनके जन्मदिन पर करोड़ों रूपये खर्च कर कोरी वाहवाही के आयोजन कर रहा है, जो बेहद शर्मसार और अशोभनीय है। भाजपा नेतृत्व का संवेदन शून्य हो चुका है, प्रशासन का राजनीतिकरण हो गया है। जहां प्रदेश देश में महिला अत्याचार, अजा-अजजा पर अत्याचार, बेरोजगारी, में नंबर वन पर हैं। अपराधियों को भाजपा का सरंक्षण मिल रहा है। प्रदेश अपराधियों का हब बन गया है। वहीं पेट्रोल-डीजल, रसोई गैस और महंगाई से जनता कराह रही है। सब्जियों के भाव आसमान को छू रहे हैं, दो सौ का तेल, नौ सौ की गैस, 110 का पेट्रोल और 100 का डीजल, भाजपा की तानाशाही से महिलाओं की रसोई हुई फैल। आम आदमी महंगाई से परेशान है।
उन्होंने कहा कि अच्छे दिन का नारा देने वाली भाजपा किस मुंह से मोदी जी का जन्मदिन मना रही है। देश की संपत्ति बेचने की खुशी में या कोरोना से लाखों लोगों की अकाल मृत्यु की खुशी में या गरीब-मध्यम वर्ग को आर्थिक तंगी की ओर धकेलने की खुशी में। मोदी जी से जनता पूछ रही है कहां गये वो अच्छे दिन, कब दो करोड़ नौकरियां मिलेंगी, कब बेरोजगारी दूर होगी, कब 15 लाख खाते में आयेंगे। जो लोगा विकास और महंगाई की दुहाई देकर सत्ता में आये थे आज जनता से मुंह छुपाते घूम रहे हैं।कोरोना की तीसरी लहर की आहट और डेंगू ने प्रदेश में अपने पैर पसार लिये हैं। सरकार में बैठे लोगों की जिम्मेदारी है कि वह जनता की समस्याओं का हल निकाले उन्हें सुविधाएं मुहैया कराएं। प्रधानमंत्री मोदी जी के जन्मदिन के बहाने भाजपा झूठ परोसकर जनता को ठगने का काम न करें। क्योंकि जनता सब जानती है, भाजपा को केवल वोट के समय जनता याद आती है, उन्हें जनता की परेशानियों से कोई लेना-देना नहीं है।



