किशलपुरी अग्निकांड में उच्च स्तरीय जांच की मांग को लेकर धरना प्रदर्शन

डिंडोरी,जबलपुर दर्पण ब्यूरो। जिले के किशलपुरी अग्नि हत्याकांड में उच्च स्तरीय जांच की मांग को लेकर गोंडवाना गणतंत्र पार्टी का एक दिवसीय धरना प्रदर्शन कलेक्ट्रेट तिराहा पर दिया गया। पार्टी कार्यकर्ताओं की एक दिवसीय शांतिपूर्ण धरना प्रदर्शन के दौरान जहां मौजूद पार्टी पदाधिकारियों ने लोगों को संबोधित किया। संबोधन में पदाधिकारियों ने कहा कि वर्तमान की सरकारें आदिवासियों की आवाज को दबाने का प्रयास कर रही है। आदिवासियों के ऊपर लगातार अत्याचार व अन्याय हो रहे हैं, जिन पर लगाम लगाने सरकार कोई कदम नहीं उठा रही। गौरतलब है कि पिछले महीनों में कोतवाली थाना अंतर्गत किशलपुरी गांव के एक आदिवासी परिवार के साथ बलात्कार कर जिंदा जला दिया गया था, जिसमें एक महिला सहित दो बच्चों की जलकर निर्मम तरीके से मौत हो गई थी। घटना के महीनों बाद भी आरोपियों की धरपकड़ नहीं हो सकी, जिससे पीड़ित परिवारों को न्याय नहीं मिल पा रहा, पीड़ित लगातार कार्यालयों के चक्कर काटने को मजबूर हैं, बावजूद आरोपियों की धरपकड़ अभी तक नहीं हो पाई है, जिसे लेकर भी कई तरह के सवाल खड़े हो रहे हैं।
विपक्षी दलों ने धरना प्रदर्शन को बताया शक्ति प्रदर्शन – कल गुरुवार को गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट तिराहा में एक दिवसीय धरना प्रदर्शन कर विरोध जताते हुए किशलपुरी मैं एक आदिवासी परिवार के साथ हुई अग्नि हत्याकांड की उच्च स्तरीय जांच कराने की मांग की गई है। इसी बहाने गोंडवाना गणतंत्र पार्टी कार्यकर्ताओं ने सरकार पर निशाना भी साधा, आरोप लगाया कि भाजपा सरकार आदिवासियों की आवाज को दबाने की कोशिश कर रही है, मध्य प्रदेश में लगातार आदिवासियों के ऊपर हो रहे अत्याचार पर अंकुश लगाने में सरकार नाकाम है। महंगाई भ्रष्टाचार सहित अन्य मुद्दों को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं ने सरकार पर निशाना साधा तो वही विपक्षी पार्टी नेताओं ने गोंडवाना गणतंत्र गणतंत्र पार्टी की धरना प्रदर्शन को शक्ति प्रदर्शन बताया, आरोप लगाया कि पार्टी के अस्तित्व बचाने गोंडवाना गणतंत्र पार्टी मैदान में उतरी है। कार्यक्रम के दौरान जिले भर के सैकड़ों पार्टी कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट तिराहा पहुंचे और धरना प्रदर्शन व ज्ञापन के दौरान मौजूद रहकर अपनी आवाज बुलंद की गई है।



