पुरुषेन्द्र कौरव बने हाईकोर्ट जज

जबलपुर दर्पण। प्रदेश के महाधिवक्ता पुरुषेन्द्र कौरव मप्र हाईकोर्ट के नवागत जज नियुक्त किये गये है। इस संबंध में भारत सरकार के विधि एवं न्यायिक विभाग की ओर से आदेश जारी किये गये है। जिसके बाद जल्द ही श्री कौरव हाईकोर्ट जज के रूप में शपथ ग्रहण करेंगे। ज्ञात हो श्री कौरव के नाम की सिफारिश सितंबर माह के प्रारंभ में सर्वोच्च न्यायालय के कॉलेजियम ने की थी। इसके बाद अब श्री कौरव का नाम केन्द्र सरकार के विधि विभाग को भेजा गया, जहां से सारी औपचारिकताएं होने के बाद राष्ट्रपति की मुहर लगते ही सरकार ने इस संबंध में नोटिफिकेश जाारी कर दिया है। संघ परिवार से जुड़े नरसिंहपुर गाडरवारा के डोंगरगांव में 4 अक्टूबर 1976 को जन्में श्री कौरव ने 2001 में जबलपुर के एनईएस कालेज से एलएलबी की। इसके बाद वर्ष 2006 में स्वतंत्र रूप से वकालत करने लगे। इसके बाद वर्ष 2009 में वह उपमहाधिवक्ता नियुक्त हुए और 2012 में अतिरिक्त महाधिवक्ता बने। इसके बाद वर्ष 2013 में वरिष्ठ अधिवक्ता बने व 6 जून 2017 को महाधिवक्ता नियुक्त हुए। इसके बाद कांग्रेस की सरकार गिरते भाजपा शासन काल में पुन: श्री कौरव महाधिवक्ता पद पर नियुक्त हुए।



