शासकीय जमीनों पर लगातार कब्जे, तो कहां होंगे शासकीय निर्माण

डिंडोरी,जबलपुर दर्पण ब्यूरो। जिला मुख्यालय सहित ग्रामीण अंचलों के शासकीय भूमियों पर अतिक्रमण करने का सिलसिला लगातार जारी है, जिससे दिनोंदिन शासकीय भूमि कम होती जा रही है। आरोप लगाए गए कि अगर इसी तरह से लगातार शासकीय जमीनों पर अतिक्रमण करने का सिलसिला जारी रहा तो आने वाले समय में समुदायिक कार्य, शासकीय भवनों का निर्माण सहित अन्य कई तरह के शासकीय निर्माण कार्यों के लिए भूमियां तक नहीं बचेगी। लगातार जिले भर में तेजी से बढ़ रहे अतिक्रमण के मामले को लेकर लोग भविष्य के लिए चिंतित नजर आ रहे हैं। ताजा मामला जिले के अमरपुर जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत बहेरा माल में सामने आया है, जहां एक कथित ग्रामीण रायसिंह गौतम राठौर के द्वारा गांव के बहु उपयोगी स्कूल ग्राउंड के खसरा नंबर 454/61 तथा खसरा नंबर 453/0.12 की जमीन में धड़ल्ले से अवैध मकान का निर्माण कार्य करवा रहा है। बताया गया कि मामले की सूचना के बाद भी अवैध मकान का निर्माण कार्य रूकवाने में ना तो पंचायत के जिम्मेदार ध्यान दे रहे और ना ही विभागीय अमला अवैध मकान को रुकवाने में कोई रूचि दिखा रहा। जिससे हर अनावेदक के द्वारा हर दिन धड़ल्ले से शासकीय जमीन पर अवैध मकान का निर्माण कार्य करवा रहा है, जिसे लेकर अब कई तरह के सवाल खड़े हो रहे हैं।



