डिंडोरी दर्पणमध्य प्रदेश

सरपंच का करीबी बना सप्लायर, मिलीभगत करके निकाल रहे राशि

डिंडोरी,जबलपुर दर्पण ब्यूरो। वैसे तो जिले भर में अनेकों भ्रष्टाचार करने के मामले इससे पहले भी सामने आ चुके हैं, जहां निर्माण कार्यों के नाम पर फर्जी बिल के जरिए लाखों के भ्रष्टाचार किए जाते रहे। ताजा मामला जिले के समनापुर जनपद अंतर्गत ग्राम पंचायत खाम्हा गांव में सामने आया है, जहां फर्जी बिल लगाकर निर्माण कार्यों के नाम पर राशि निकाली जा रही है। आरोप लगाया गया कि ग्राम पंचायत के सरपंच गेंद सिंह मरकाम के द्वारा मनमानी करते हुए अपने करीबी रिश्तेदार का फर्जी बिल लगाकर निर्माण कार्यों के नाम पर राशि निकाल रहे हैं, जबकि जमीनी स्तर पर निर्माण कर कुछ भी नहीं हुए। आरोप लगाया गया कि ग्राम पंचायत में सीसी सड़क निर्माण कार्य, ग्रेवल सड़क मार्ग, नाली निर्माण सहित स्वछता के नाम पर लाखों की राशि फर्जी तौर पर निकाली गई है, जहां अपने चहेते सप्लायर को भ्रष्टाचार करते हुए लाखों का भुगतान कर दिया गया है। बताया गया कि निर्माण कार्य के नाम पर जिम्मेदार लोग जमीनी स्तर पर निर्माण कार्य खानापूर्ति तक सीमित रह गए हैं।

शिकायत के बाद भी जिम्मेदारों पर नहीं हो रही कार्रवाई :-  खाम्हा गांव के स्थानीय ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि ग्राम पंचायत में आए दिन भ्रष्टाचार करने के मामले सामने आते ही रहते हैं, जहां निर्माण कार्यों के नाम पर मिलीभगत करके जमकर धांधली की जा रही है। बताया गया कि ग्रामीणों ने पंचायत की मनमानी की शिकायत विभागीय अधिकारियों से करने के बाद भी पंचायत के जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कोई ठोस कार्यवाही नहीं हो रही, जिससे पंचायत कर्मियों के हौंसले बुलंद नजर आ रहे हैं। बताया गया कि इसी तरह ग्राम पंचायत द्वारा मुख्य मार्ग से छिंदहा टोला तक पहुंचने के लिए सीसी सड़क निर्माण के नाम पर लाखों रुपए का फर्जीवाड़ा किया गया, जबकि सड़क मार्ग आज भी जर्जर व बोल्डर युक्त है। गौरतलब है कि मिलीभगत करते हुए बिना निर्माण कार्य कराए ही लाखों के फर्जी बिल भुगतान कर दिए गए। भ्रष्टाचार करने का मामला सामने आने के बाद ग्रामीणों द्वारा विभाग को शिकायत भी की गई, लेकिन शिकायत के वर्षों बाद भी कोई कार्यवाही नहीं हुई। ग्रामीणों ने पंचायत के में हुए निर्माण कार्य व फर्जी भुगतान की सूक्ष्मता से जांच कराए जाने की मांग स्थानीय ग्रामीणों द्वारा की गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page