कलेक्टर श्री शर्मा ने दिये सक्त निर्देश धान भंडारण के संभावित स्थानों की करें नियमित जांच

जबलपुर दर्पण नगर संवाददाता पाटन। जबलपुर जिले की पाटन तहशील में धान की पैदावार अच्छी होने की उम्मीद की जा रही हैं। इसी के साथ पाटन क्षेत्र में धान के भंडारण के लिए अधिग्रहण किए गए वेयरहाउस में खरीदी की सारी तैयारिया हो चुकी इसी के साथ ही बिचौलियों एवं व्यापारियों भी पाटन क्षेत्र में सक्रिय हैं। बिचौलियों और व्यापारियों को धान उपार्जन व्यवस्था से दूर रखने के लिये आज जबलपुर कलेक्टर कर्मवीर शर्मा ने जिले में पदस्थ सभी अनुविभागीय राजस्व अधिकारियों, तहसीलदारों एवं नायब तहसीलदारों तथा कृषि विभाग, सहकारिता विभाग एवं जिला विपणन संघ और जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक के अधिकारियों को धान भंडारण के सभी संभावित स्थलों, गोदामों, खलिहानों की जांच करने के निर्देश दिये हैं। श्री शर्मा ने इस बारे में आज जारी आदेश में कहा है कि समर्थन मूल्य पर धान उपार्जन व्यवस्था का बिचौलियों, व्यापारियों एवं अन्य व्यक्तियों द्वारा किसानों की आड़ में अनुचित लाभ उठाने के प्रयास किये जा सकते हैं। ऐसे लोग अन्य जिलों या राज्यों से धान लाकर किसानों के नाम पर खरीदी केन्द्रों पर धान बेचने की कोशिश कर सकते हैं। कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा कि वे अधीनस्थ अमले के साथ अपने अपने कार्यक्षेत्र में स्थित सभी गोदामों,भंडारण स्थलों पर पुलिस अधिकारियों के साथ समन्वय बनाकर शीघ्र जांच करें। उन्होंने जांच के दौरान संदिग्ध रूप से धान पाये जाने पर उसका रिकार्ड संधारित करने के निर्देश भी दिये हैं। श्री शर्मा ने कहा कि अनुविभागीय राजस्व अधिकारी एवं तहसीलदार यह सुनिश्चित करें कि जांच के दौरान संदिग्ध पाई गई धान का उठाव न हो पाये। उन्होंने संदिग्ध पाई गई धान के मामले में तत्काल वैधानिक कार्यवाही करने तथा एफआईआर दर्ज कराने की हिदायत भी अधिकारियों को दी है। किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए कार्यवाही के सक्त निर्देश दिये गये है। श्री शर्मा ने अनुविभागीय राजस्व अधिकारियों को उनके क्षेत्र में की गई कार्यवाही से हर दूसरे दिन कलेक्टर कार्यालय को अवगत कराने के भी निर्देश दिये।



