भारतीय रेल में कोयले की आपूर्ति में हुई रिकॉर्ड बढ़ोतरी

जबलपुर दर्पण। भारतीय रेल सभी बिजली संयंत्रों के लिए कोयले की मुख्य आपूर्तिकर्ता है और वर्ष 2021-22 और वर्तमान अप्रैल महीने में बिजली संयंत्रों को कोयले की आपूर्ति बढ़ाने के लिए कई अहम उपाय किए गए हैं। वित्त वर्ष 2021-22 के दौरान भारतीय रेल ने रेलवे के माध्यम से कोयले की ढुलाई रिकॉर्ड 11.1 करोड़ टन बढ़ा दी और इस साल कुल 65.3 करोड़ टन कोयले का लदान किया, जो पिछले साल के 54.2 करोड़ टन की तुलना में 20.4 प्रतिशत ज्यादा है। इसके अलावा सितंबर, 21 से मार्च, 22 तक सिर्फ दो तिमाहियों के दौरान बिजली क्षेत्र के लिए कोयले की आपूर्ति में 32 प्रतिशत की बढ़ोतरी की गई। अप्रैल, 2022 में, भारतीय रेल ने बिजली क्षेत्र के लिए कोयले के लदान को प्राथमिकता देते हुए कई कदम उठाए, जिससे सिर्फ एक सप्ताह के भीतर कोयले की आपूर्ति 10 प्रतिशत से ज्यादा बढ़ गई। भारतीय रेल पूरी तरह तैयार है और उसने बिजली संयंत्रों को उच्च स्तर के कोयले की आपूर्ति सुनिश्चित रखने के लिए सभी संसाधनों को लगा दिया है और वह कोयला कंपनियों द्वारा साइडिंग्स/ गुड शेड्स तक लाए गए घरेलू कोयले और बंदरगाहों तक लाए गए आयातित कोयले के उठान के लिए प्रतिबद्ध है।



