जिले में धान उपार्जन के नए नियमों से किसानों को परेशानी

डिंडोरी,जबलपुर दर्पण ब्यूरो। भारतीय किसान संघ विकास खण्ड समनापुर जिला डिंडोरी के तत्वाधान में किसानों की समस्याओं के निराकरण हेतु कार्यवाही की मांग को लेकर मुख्यमंत्री के नाम तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा है। बताया गया कि धान उपार्जन के नये नियमों से किसानों को परेशानी हो रही है। नियमों के तहत धान खरीदी केंद्र प्रभारियों ने गांव में कोटवारों के द्वारा मुनादी करवा दी है, कि किसान ने जो धान बिक्री के लिए जिस मोबाइल नंबर से पंजीयन कराया है, उसी मोबाइल नंबर का आधार कार्ड और बैंक खाता में लिंक होना अनिवार्य है, जिससे की धान उपार्जन की भुगतान राशि बैंक में जमा होने पर किसानों को बैंक से मेसेज द्वारा सूचना मिलने के साथ ही किसानों को धान खरीदी केंद्रों में बिक्री के लिए भी मैसेज के माध्यम से सूचित किया जा सके। गौरतलब है कि कुछ किसानों के पास मोबाइल नहीं होने की स्थिति में जैसे तैसे धान बिक्री पंजीयन के लिए अपने रिश्तेदारों के मोबाइल नंबर से पंजीयन तो करवा लिया है, जिसके चलते अब किसान मजबूरन मोबाइल और सिम खरीदने में लगे हुए हैं। ज्ञापन के दौरान भारतीय किसान संघ समनापुर के अध्यक्ष कृष्ण कुमार राजपूत, मनका सिंह बनवासी, जनपद पंचायत अध्यक्ष भरत सिंह, माधव तेकाम, लक्ष्मण सिंह ठाकुर, कमलदास गायग्वाल, रमेश मार्को, कमला तेकाम, अनीता अरोरा, मनमोहन सिंह, कामता सिंह, रोहित सिंह, कल्याण ठाकुर, माधव राजपूत, मंगल धुर्वे, रमेश चन्द्र गौतम, शिवकुमार मरावी, रामकुमार ठाकुर, सुखसेन ठाकुर सहित अन्य किसान मौजूद रहे।



