निगमायुक्त ने किया प्रियदर्शनी उद्यान सिविक सेंटर का निरीक्षण:सफाई व्यवस्था को लेकर स्वास्थ्य अधिकारी को दिए निर्देश

जबलपुर दर्पण नगर संवाददाता। जबलपुर शहर वासियों को ताजगी भरा स्वच्छ वातावरण देने के लिए जबलपुर नगर निगम उद्यानों का नए सिरे से कायाकल्प करने जा रहा है। निगमायुक्त के निर्देश पर सिविक सेंटर स्थित प्रियदर्शनी उद्यान में भी आकर्षक स्वरूप दिया जा रहा है।निगमायुक्त ने सिविक सेंटर स्थित प्रियदर्शनी उद्यान का आकस्मिक निरीक्षण किया एवं उद्यान के अंदर एवं आसपास के क्षेत्रों की गंदगी एवं कचरे को देखकर नाराजगी जाहिर की एवं साफ सफाई कराने के लिए स्वास्थ्य अधिकारी भूपेंद्र सिंह को निर्देशित किया। उन्होंने कहा,अब प्रियदर्शनी उद्यान की नियमित रूप से सफाई कराई जाए इसके लिए अतिरिक्त कर्मचारियों की तैनाती करने के साथ ही समय-समय पर वरिष्ठ अधिकारियों को भी उद्यान की सफाई व्यवस्था देखने के लिए निर्देशित किया है। उद्यान में लगे पेड़ों पर मिट्टी,धूल को देखकर मौके पर ही टीम को बुलवाकर सभी पेड़ों की धुलाई कराई। शहर के बीचो बीच स्थित प्रियदर्शनी उद्यान काफी बड़ा और विशाल उद्यान है इस उद्यान में मनोरंजक संसाधनों के साथ-साथ बेहतर व्यवस्थाएं की जाए तो शहर वासियों के लिए यह एक बड़ी उपलब्धि होगी, अतः नगर निगम प्रशासन द्वारा इस दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है। उद्यान निरीक्षण के अवसर पर स्वास्थ्य अधिकारी एवं उद्यान अधिकारी को आवश्यक व्यवस्थाएं एवं संसाधन जुटाए जाने के निर्देश दिए हैं। बताया कि में खुद भी उद्यान के सौंदर्यीकरण के कार्यों का आकस्मिक रूप समय समय पर आकर निरीक्षण करूंगा। इस अवसर पर उद्यान अधिकारी आदित्य शुक्ला भी उपस्थित थे।



