आरआई के साथ मारपीट करने के मामले में दो महिला सहित सात लोगों पर एफआईआर

डिंडोरी,जबलपुर दर्पण ब्यूरो। कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत खरगहना गांव में राजस्व विभाग की टीम के साथ पिछले दिनों बदसलूकी और मारपीट करने के मामले में पुलिस ने दो महिला सहित सात लोगों के खिलाफ एफ आई आर दर्ज की है। गौरतलब है कि जिले के बजाग जनपद क्षेत्र अंतर्गत गाड़ासरई राजस्व निरीक्षक मंडल अंतर्गत खरगहना ग्राम पंचायत मे आवेदकों को कब्जा दिलाने गए राजस्व विभाग के आरआई के साथ अनावेदकों द्वारा मारपीट कि गई थी। बताया गया कि मारपीट की घटना सामने आने के बाद दोनों पक्षों ने कोतवाली थाना पहुंचकर लिखित रिपोर्ट दर्ज करवाई थी, जहां पुलिस ने दो महिला सहित सात अन्य खिलाफ मामला दर्ज कर जांच में लिया है। मिली जानकारी अनुसार बुधवार को अनावेदक की कब्जे वाली बहू उपयोगी जमीन से कब्जा हटवाने बजाग तहसील की राजस्व निरीक्षक गाड़ासरई की राजस्व टीम खरगहना गांव गई हुई थी। जहां राजस्व विभाग द्वारा कुछ देर के नाप जोक करने के पश्चात अनावेदकों द्वारा गाली गलौज करते हुए राजस्व की टीम पर अचानक दो महिला सहित अन्य लोगों ने हमला कर दिया। मारपीट की घटना के बाद राजस्व टीम को वापस बिना कब्जा हटवाए ही बैरंग लौटना पड़ा तथा घटना की जानकारी कोतवाली थाने में दी गई। स्थानीय ग्रामीणों की मानें तो घटना उस वक्त हुई जब मौके पर आरआई, पटवारी, कोटवार व स्थानीय पुलिस मौके पर मौजूद थे, लेकिन अब पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए मामला दर्ज कर लिया है।



