जिला मुख्यालय में नहीं है पत्रकार भवन, मांग को लेकर पार्षद ने सौंपा ज्ञापन

डिंडौरी,जबलपुर दर्पण ब्यूरो। जिला मुख्यालय में पत्रकार भवन ना होने से मीडिया कर्मी यहां वहां भटकते हुए नजर आते हैं। परेशानी को देखते हुए जिला मुख्यालय के वार्ड क्रमांक 10 निवासी पार्षद ने नगर परिषद सीएमओ को ज्ञापन सौंपकर जल्द कार्रवाई की मांग की है। गौरतलब है कि जिले में पत्रकार भवन बनाने की मांग पत्रकारों द्वारा विगत कई वर्षों से की जा रही है, किन्तु प्रशासनिक महकमे की नजरंदाजगी के चलते मीडिया हाउस बनना नामुमकिन नजर आ रहा है। लम्बे समय से बनी परेशानी के बाद जिले के वार्ड क्रमांक 10 के पार्षद आबिद रज़ा खान ने पत्रकार भवन बनाने पहल करवाने की मांग को लेकर मुख्य नगर पालिका अधिकारी राकेश शुक्ला को एक ज्ञापन पत्र सौंप है। उल्लेख किया गया कि जब तक पत्रकारों के उठने – बैठने लायक पुख्ता व्यवस्थाएं जिला मुख्यालय में नही हो जाती, तब तक के लिये पत्रकारों के लिये वैकल्पिक व्यवस्था की जाये। मांग को जायज़ बताते हुये मुख्य नगर पालिका ने भी आश्वाशन दिया है कि शीघ ही नगर परिषद अध्यक्ष डिंडौरी से इस सिलसिले में बैठक कर पत्रकारों के हितार्थ में निर्णय लिया जायेगा। ज्ञापन के दौरान डिंडौरी प्रेस क्लब के अध्यक्ष शिवराम बर्मन ने पार्षद आबिद रज़ा खान की पहल की सराहना करते हुये मुख्य नगर पालिका अधिकारी राकेश शुक्ला और उनके साथ मौजूद उपयंत्री अशोक दीक्षित का आभार व्यक्त किया है। इस दौरान नगर परिषद डिंडौरी से सुरेंद्र बिहारी शुक्ला, पत्रकार सुरेंद्र सोनी, दीपक ताम्रकार, मृगेंद्र परिहार, अभिमन्यु सिंह, बॉबी बर्मन, असगर सिद्धीकी, दीपक नामदेव, वंदन मानिकपुरी,नीलमणि,विनोद कांस्कार,प्रदीप राजपूत,आनंद श्रीवास्तव सहित अन्य लोग मौजूद रहे।



