कलेक्टर ने किया वैक्सीनेशन सेंटर का निरीक्षण

शहडोल दर्पण। कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट वंदना वैद्य आज जिले के भ्रमण के दौरान हाई स्कूल रामपुर में आयोजित वैक्सीनेशन सेंटर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने आशा कार्यकर्ता एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ता से वैक्सीनेशन के संबंध में जानकारी प्राप्त की। इस दौरान आशा कार्यकर्ता ने कलेक्टर को बताया कि गांव के सभी 15 से 18 वर्ष तक के पात्र बच्चों को चिन्हित कर डोर-टू-डोर सर्वे के माध्यम से वैक्सीनेशन किया जा रहा है तथा कुछ बच्चे अध्ययन हेतु गांव के बाहर शहर गए हुए हैं, उन बच्चों का लिस्ट अलग से बनाकर उन्हें चिन्हित किया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने निर्देश दिए की हर पात्र बच्चों को वैक्सीनेशन का टीका अवश्य लगाएं, यह टीका जिंदगी का टीका है। निरीक्षण के दौरान जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ० अंशुमन सोनारे सहित स्वास्थ्य विभाग का अमला उपस्थित था।



