लाड़ली बहना योजना के फार्म भरने ग्रामीण महिलाओं में दिखा काफी उत्साह

डिंडोरी, जबलपुर दर्पण ब्यूरो। मध्य प्रदेश के शिवराज सरकार की महत्वपूर्ण योजनाओं में से एक लाड़ली बहना योजना के तहत फार्म भरने की प्रक्रिया अब अंतिम दौर में है। गांव गांवों में कैम्प लगाकर योजना के तहत ग्रामीण महिलाओं के फार्म भरने की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ग्रामीण अंचलों की महिलाओं में काफी उत्साह देखा जा रहा है। आने वाले समय में प्रति माह मिलने वाली एक हजार रुपए की राशि से ग्रामीण महिलाएं और भी ज्यादा सशक्त होंगी। महिलाओं को अब बच्चों के पालन पोषण, पढ़ाई, लिखाई सहित पौष्टिक आहार के लिए कामकाजी महिलाओं को आर्थिक तंगी नहीं झेलनी पड़ेगी। इसी क्रम में जनपद पंचायत समनापुर अंतर्गत ग्राम पंचायत बुड़रूखी गांव में लाड़ली बहन योजना के तहत लगभग चार सौ से ज्यादा फार्म भरे जा चुके हैं। जानकारी अनुसार लाड़ली बहना योजना के तहत फार्म भरने की प्रक्रिया में सहयोग करने जिले भर के विभिन्न सामाजिक संस्थाएं सहित विभागीय अमला ने महत्वपूर्ण सहभागिता निभाई है। गौरतलब है कि योजना के तहत ऑनलाइन फॉर्म भरने की तारीख 30 अप्रैल निर्धारित की गई है, जिसके बाद ऑनलाइन फॉर्म भरने की प्रक्रिया कुछ समय के लिए बंद हो सकती हैं।



