स्वर्गीय सुंदर सिंह राठौर के स्मृति में आयोजित अखंड राम कीर्तन का हुआ समापन

डिंडोरी, जबलपुर दर्पण ब्यूरो। जिले के समनापुर जनपद अंतर्गत ग्राम पंचायत बुड़रूखी गांव में आयोजित अखंड राम कीर्तन का समापन हवन एवं विशाल भंडारे के साथ धूमधाम से किया गया। बताया गया कि स्वर्गीय सुंदर सिंह राठौर की स्मृति में पिछले दिनों निज निवास बुड़रूखी में 24 घंटे का अखंड राम कीर्तन शुरू किया गया था। आयोजित अखंड राम कीर्तन महायज्ञ में शामिल होने के लिए आसपास गांवों से बड़ी संख्या में लोग धर्म लाभ लेने कार्यक्रम स्थल में पहुंचे हुए थे। जानकारी में बताया गया कि स्वर्गीय सुंदर सिंह राठौर धार्मिक प्रवृत्ति के व्यक्ति थे, जिन्होंने लगभग 90 वर्ष की आयु में अंतिम सांस ली। गौरतलब है कि स्वर्गीय श्री राठौर को रामानंद सागर द्वारा लिखी गई रामायण के सैकड़ों चौपाईयां सहित अन्य भागवत श्लोक कंठस्थ याद थे। मिली जानकारी अनुसार कुकर्रामठ गांव में स्थित ऐतिहासिक ऋणमुक्तेश्वर मंदिर के दर्शन करने स्वर्गीय श्री राठौर लागातार जातें थे, जिससे उन्हें सिद्धि प्राप्त थी। बताया गया कि स्वर्गीय सुंदर सिंह राठौर के सुपुत्र नोखे लाल राठौर व महासिंह राठौर है। बब्बू सिंह राठौर, नंद किशोर राठौर, सीताराम राठौर तथा शंकर लाल राठौर उनके नाती है। अखंड राम कीर्तन महायज्ञ आयोजन के दौरान गांव में दो दिनों तक भक्तिमय माहौल बना हुआ था, जहां हर्षोल्लास के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया।



