29 नवम्बर से जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी प्रारंभ

जबलपुर दर्पण नगर संवाददाता पाटन। आज जबलपुर कलेक्टर कर्मवीर शर्मा ने कलेक्टर कार्यालय में आयोजित बैठक में उपार्जन व्यवस्था से जुड़े अधिकारियों को समर्थन मूल्य पर धान के उपार्जन के लिए बनाये जा रहे खरीदी केन्द्रों पर किसानों की सुविधा के मुताबिक सभी जरूरी व्यवस्थायें सुनिश्चित करने के निर्देश दिये हैं। श्री शर्मा ने कहा कि धान उपार्जन केन्द्रों पर किसानों को किसी तरह की परेशानी न हो इसे हर हाल में अधिकारियों को सुनिश्चित करना होगा। उन्होंने खरीदी केन्द्रों के निर्धारण में भी किसानों की सुविधा ध्यान रखने के निर्देश दिये ताकि उन्हें अपनी उपज लेकर ज्यादा दूरी तय न करना पड़े। श्री शर्मा ने बैठक में खरीदी केन्द्रों के निर्धारण में गोदाम स्तर पर ज्यादा से ज्यादा खरीदी केन्द्र बनाने पर जोर दिया। उन्होंने महिला स्व-सहायता समूहों की भी धान खरीदी की जिम्मेदारी देने के निर्देश दिये। कलेक्टर ने उपार्जन केन्द्रों पर बारदानों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने की हिदायत अधिकारियों को दी। उन्होंने उपार्जन के दौरान खरीदी केन्द्रों पर सतत निगरानी रखने के निर्देश भी अधिकारियों को दिये। ताकि किसानों के नाम पर बिचौलियों या व्यापारी इस व्यवस्था का अनुचित लाभ न उठा सकें। और यदि ऐसा करते कोई पाया जाता हैं तो उसके विरुद्ध संबंधित थाने में एफ आई आर दर्ज कराई जाए बैठक में प्रभारी जिला आपूर्ति नियंत्रक सुधीर दुबे, उपसंचालक किसान कल्याण एवं कृषि विकास डॉ. एसके निगम, जिला विपणन अधिकारी रोहित बघेल तथा राज्य भंडार गृह निगम के अधिकारी मौजूद थे। बैठक में बताया गया कि राज्य शासन के निर्देशानुसार जबलपुर जिले में 29 नवम्बर से किसानों से समर्थन मूल्य पर धान की खरीदी प्रारंभ की जायेगी।



