तालाब विस्तारीकरण के नाम पर लाखों रुपए का फर्जीवाड़ा

डिंडोरी, जबलपुर दर्पण ब्यूरो। जिले के समनापुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत बम्हनी में तालाब विस्तारीकरण के नाम पर लाखों रुपए का फर्जीवाड़ा करने का मामला सामने आया है। आरोप लगाया कि जिम्मेदारों द्वारा मिलीभगत करते हुए स्वीकृत राशि 950000 का बंदरबांट कर दिया गया। स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि तालाब में ना तो साफ सफाई की गई है और ना ही नीव निर्माण कार्य कराए गए हैं। आरोपों के मुताबिक जिम्मेदारों द्वारा वही पुराने घाट का निर्माण में लीपापोती कर नया कर दिया गया। बताया गया कि ग्राम पंचायत के सरपंच, सचिव ने मिलीभगत कर राशि का बंदरबांट कर लिया है। अब मामला सामने आने के बाद ग्रामीणों ने तालाब विस्तारीकरण के कार्य कराए जाने व तलाब विस्तारीकरण के नाम पर की गई फर्जीवाड़े की जांच कर जिम्मेदार सरपंच, सचिव के खिलाफ कड़ी कार्यवाही किए जाने की मांग की गई है। गौरतलब है कि तालाब गहरीकरण के लिए ज़ारी राशि छः लाख निकाली गई। इसी तरह तीन लाख 50 हजार रूपए चबूतरा निर्माण कार्य के नाम पर निकाली गई, जबकि जिम्मेदार लोगों के द्वारा स्वीकृत निर्माण कार्य नहीं करवाया गया, बिना निर्माण कार्य कराए ही ग्राम पंचायत के सरपंच, सचिव ने राशि का आहरण कर लिया है। स्थानीय लोगों ने फर्जीवाड़े की जांच कराकर जिम्मेदार पंचायत कर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही करने की मांग की गई है।



