नेताओं के पहुंचने से रैली में दिखी गुटबाजी, बना गहमागहमी का माहौल
डिंडोरी, जबलपुर दर्पण ब्यूरो। वीर शिरोमणि दुर्गादास राठौड़ जंयती पर जिला मुख्यालय में सजातीय लोगों के द्वारा बड़ी ही धूमधाम से विशाल वाहन रैली निकाली गई। बताया गया कि वाहन रैली समनापुर तिराहा तिराहा से शुरू हुई जो मंडला स्टैंड होते हुए कॉलेज तिराहा तक पहुंची, जहां से वापस समनापुर तिराहा में एक सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शामिल होने जिले भर से सजातीय लोग बड़ी संख्या में मुख्यालय पहुंचे थे, जहां भव्यता के साथ दुर्गादास राठौड़ जंयती मनाने व्यापक स्तर पर समाज के लोगों ने तैयारियां की थी, जहां जगह जगह बैनर पोस्टर लगे नजर आ रहे थे। गौरतलब है कि कार्यक्रम में उस समय गहमागहमी का माहौल बना, जब सजातीय लोगों की रैली में शामिल होने पार्टी नेता पहुंच गए। बताया गया कि रैली में शामिल होने एक और जहां भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय मंत्री ओम प्रकाश धुर्वे कार्यक्रम में शामिल हुए, तो वही दूसरे गुट की रैली में कांग्रेस के विधायक ओमकार मरकाम शामिल होने रैली में पहुंच गए। रैली समापन के बाद समनापुर तिराहा में आयोजित सभा के दौरान मंच में स्वागत कार्यक्रम के दौरान शुरु हुआ विवाद जो आपस में धक्का-मुक्की तक पहुंच गई। वीर शिरोमणि दुर्गादास राठौड़ जंयती के दौरान रैली व सभा के दौरान सजातीय लोगों के बीच दिखी गुटबाजी देर शाम तक लोगों के बीच चर्चा का विषय बना रहा, सजातीय लोग भी आपस में एक दूसरे से चर्चा करते नजर आए।



