इसी तरह के मार्गों से गुजरकर हर-दिन स्कूल पहुंचते हैं छात्र-छात्राएं

डिंडोरी, जबलपुर दर्पण ब्यूरो। जिले के जनपद पंचायत समनापुर अंतर्गत ग्राम बिजापुरी से चांदरानी तक पहुंचने वाली मार्ग में आजादी के वर्षों बाद भी पक्की सड़क नहीं बन पाई है। गौरतलब है कि इसी मार्ग से होकर हर दिन दर्जनों छात्र छात्राएं चांदरानी गांव में स्थित हाई स्कूल पढ़ने जाती है, बावजूद पक्की सड़क मार्ग बनने अभी तक कोई पहल नहीं की गई है। बताया गया कि इसी मार्ग से छात्र छात्राएं के अलावा सैकड़ों राहगीरों का आवागमन भी बना हुआ है, खासकर इन दिनों बरसात के मौसम में लोगों को काफी परेशानी हो रही है। इसी तरह समनापुर से कूंड़ा मार्ग भी जर्जर हो चुकी है, जहां पूरे मार्ग पर जगह जगह बड़े बड़े गड्ढे नजर आ रहे हैं। सड़क निर्माण कार्य हुए वैसे तो लगभग दस वर्षों से ज्यादा का समय बीत चुका है, लेकिन सड़क मरम्मत का कार्य करवाने में जिम्मेदार लोग कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं। खंडहर में तब्दील होती जा रही जर्जर मार्ग जिससे आए दिन कई सड़क हादसे हो रहे हैं, बावजूद सड़क मरम्मत कार्य करवाए जाने कोई पहल नहीं की जा रही, केवल सड़क मरम्मत के नाम पर विभागीय अमला गड्ढों की भराई पत्थर और मिट्टी से करवाता है, जो बरसात के दिनों में बह जाती है, जिससे पूरे मार्ग पर गड्ढे ही गड्ढे फिर से नजर आने लगते हैं। वाहन चालको ने बताया कि पिछले कुछ सालों से सड़क मार्ग की मरम्मत ना करवाने से अतिक्रमण हो रहे हैं, जिससे वाहनों के आवागमन करने में भी परेशानी हो रही है। लोगों ने सड़क मार्ग की मरम्मत कराने सहित सड़क किनारों से अतिक्रमण हटवाने की मांग कर रहे हैं।



