विधानसभा सत्र में कृषि विषयों पर चर्चा करने संघ ने सौंपा ज्ञापन

डिंडोरी, जबलपुर दर्पण ब्यूरो। भारतीय किसान संघ मध्यप्रदेश के किसान शक्ति संखनाद कार्यक्रम के तहत डिंडोरी विधायक ओमकार मरकाम को तहसील डिंडोरी के किसान संघ के कार्यकर्ताओं ने विधानसभा के विशेष सत्र में किसानों के विषयों पर चर्चा करने विधायक ओमकार मरकाम को ज्ञापन सौंपा है। बताया गया कि संपूर्ण मध्यप्रदेश में किसान संघ द्वारा सभी 230 विधायकों को ज्ञापन सौंपकर किसानों की समस्याओं को विधानसभा सत्र में रखने की मांग की गई है। संघ के प्रमुख मांगों में किसानों संबंधी विषयों को लेकर खुली चर्चा करने के लिए 7 दिवसीय विधानसभा का विशेष सत्र बुलाने की मांग रखी गई है। मामले को लेकर श्री मरकाम ने संगठन की मांग को गंभीरता से लेते हुए सभी मांगें को जायज बताया हैं। तहसील अध्यक्ष हर्ष गुप्ता ने बताया कि 22 नवंबर को अभियान में किसानों की विभिन्न मांगों को लेकर विशाल आंदोलन किया जाएगा साथ ही 19 दिसंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में देशभर के किसान लागत के आधार पर लाभकारी मूल्य तय करने की मांग को लेकर लाखों की संख्या में किसान गर्जना रैली में शामिल होंगे। ज्ञापन के दौरान डिंडोरी तहसील अध्यक्ष अधिवक्ता हर्ष गुप्ता, समनापुर अध्यक्ष अधिवक्ता फलेन्द्र चंदेल, भुवन पाराशर मौजूद रहे।



