नर्मदा जल का सैम्पल लेने दिल्ली से पहुंचा, पर्यावरण विभाग का प्रतिनिधि मंडल

डिंडोरी, जबलपुर दर्पण ब्यूरो। नर्मदा नदी में बढ़ते प्रदूषण को लेकर जिला मुख्यालय निवासी जागरूक युवा व एडवोकेट सम्यक जैन, मनन अग्रवाल व धीरज तिवारी ने एक वर्ष पहले 12 मई 2021 को एनजीटी में शिकायत दर्ज कराई थी कि जिला मुख्यालय में लगभग आधा दर्जन गन्दा नालों का पानी नर्मदा नदी में मिल रही है, जिससे नर्मदा नदी में लगातार प्रदूषण फैल रहा है। मामले को संज्ञान में लेकर एक टीम गठित करते हुए नर्मदा जल का सैंपलिंग लेने दिल्ली पर्यावरण विभाग के योगेन्द्र सक्सेना, नर्मदा प्राधिकरण भोपाल, चीफ इंजीनियर जबलपुर, रीजनल आफिसर प्रदूषण कंट्रोल बोर्ड शहडोल से पहुंचे अधिकारीयों की मौजूदगी में नर्मदा जल का सैम्पल लेते हुए जांच के लिए भेजा गया है। सैम्पलिंग लेने दिल्ली से पहुंची जांच टीम ने नर्मदा जल का सैम्पल लेने के साथ-साथ अपशिष्ट प्रबंधन केंद्र का भी जायजा लिया, अपशिष्ट प्रबंधन केंद्रों का जायजा लेने पहुंची टीम के साथ जिले के जिम्मेदार अधिकारी मौजूद रहे। गौरतलब है कि लगातार लम्बे समय से आस्था का केंद्र नर्मदा नदी में अपशिष्ट पदार्थ मिलने से प्रदूषण फैल रहा है, बावजूद शासन-प्रशासन द्वारा मामले को लेकर कोई सकारात्मक कदम नहीं उठाए जाए रहे।



