बैगा महिला के हाथों में कलेक्टर विकास मिश्रा ने लिखा मोबाइल नंबर

डिंडोरी, जबलपुर दर्पण ब्यूरो। जिला मुख्यालय लकड़ी बेचने आई एक आदिवासी बैगा महिला के हाथों पर जिला कलेक्टर विकास मिश्रा ने अपना मोबाइल नंबर लिखते हुए कहा कि अगर अधिकारी तुम्हारे पास नहीं आते तो तुम मुझे इसी नंबर पर फोन लगाना। बताया गया कि डिंडोरी जिला कलेक्टर श्री मिश्रा रविवार को सुबह-सुबह अपने दमकल के साथ नर्मदा घाटों का निरीक्षण करने जा रहे थे, तभी रास्ते में लकड़ी बेचने जिला मुख्यालय आई बैगा महिला के ऊपर कलेक्टर की नजर पड़ी। कलेक्टर श्री मिश्रा ने महिला को रोकते हुए महिला से शासन की योजनाओं की जानकारी पूछी, जहां महिला ने बताया कि उसे अभी तक किसी भी सरकारी योजना का लाभ नहीं मिला है। मामले के बाद कलेक्टर ने नाराजगी जाहिर करते हुए मौके पर ही सीईओ को फोन लगाया और मामले में तत्काल कार्यवाही करने की बात कही। गौरतलब है कि बैगा आदिवासी महिला जिले के डिंडोरी जनपद क्षेत्र अंतर्गत गोपालपुर गांव की रहने वाली है।महिला के हाथों में कलेक्टर श्री मिश्रा ने अपना मोबाइल नंबर लिखते हुए कहा कि अगर जिम्मेदार अधिकारी तुम्हारे पास नहीं आते तो तुम मुझे इसी नंबर पर फोन लगाकर जानकारी देना। बैगा आदिवासी महिला के हाथों में कलेक्टर का मोबाइल नंबर लिखते एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है, जिसे देख लोगों ने जिला कलेक्टर की तारीफ करते हुए उनकी कार्यशैली को सराहा जा रहा है।



