बरसात के मौसम में गांव तक नहीं पहुंचती एंबुलेंस वाहन होती है परेशानी

डिंडोरी, जबलपुर दर्पण ब्यूरो। बरसात के मौसम में गांव तक एंबुलेंस वाहन ना पहुंचने से ग्रामीणों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। मांगों को लेकर पिछले दिनों महिला कांग्रेस कमेटी जिलाध्यक्ष संतोषी रामजी साहू के नेतृत्व में करंजिया जनपद के ग्राम पंचायत धावाडोंगरी के ग्रामीणों ने मार्ग बनाने के लिए कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा है। बताया गया कि मार्ग बनवाने को लेकर जनपद पंचायत करंजिया के ग्राम पंचायत धवाडोंगरी भुररीटोला के ग्रामीणों ने धवाडोंगरी से भुररीटोला टोला तुलसी घाट नर्मदा नदी पहुंच मार्ग में ग्रेवल सड़क या पक्की सड़क मार्ग बनाने की मांग की है, ताकि ग्रामीणों को परेशानी न हो सके। गौरतलब है कि खासकर बरसात के मौसम में ग्रामीणों को आने जाने में काफी परेशानी होती है, गर्भवती महिलाओं तथा बुजुर्गों को तीन किलोमीटर दूर चारपाई से एंबुलेंस तक लाया जाता है, वहीं बच्चों को स्कूल आने जाने में भी दिक्कत होती है। गांव तक पक्की सड़क मार्ग न होने से गर्भवती महिलाओं एवं बुजुर्गों को अस्पताल लाने ले जाने में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मामले को लेकर सीएम हेल्पलाइन नंबर में शिकायत करने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हो रही सड़क मार्ग बनाने को लेकर स्थानीय ग्रामीणो ने कलेक्टर को मांग पत्र सौंपा है। मांग के दौरान आदिवासी महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष वृंदा परस्ते, आदिवासी कांग्रेस ब्लाक अध्यक्ष अंजना अयाम, उपसरपंच धावाडोंगरी रोहित कुमार, नरेश कुमार, मगलू लाल, हरबंस, नरेश लाल, राज बलि, राजू, सुदामा, बिसाहू लाल, गंगोत्री बाई, अमृत नंदा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।



