मुख्यमंत्री के नाम जनसुनवाई में ग्रामीण सौंपेंगे पत्र, सीएम राइज स्कूल को यथावत रखनें की मांग

डिंडोरी, जबलपुर दर्पण ब्यूरो। जिले के जनपद पंचायत समनापुर अंतर्गत ग्राम पंचायत कंचनपुर के स्थानीय ग्रामीण मुख्यमंत्री के नाम जनसुनवाई में मंगलवार को एक पत्र सौंपकर सीएम राइज स्कूल को यथावत रखने की मांग करेंगे। गौरतलब है कि मध्यप्रदेश शासन द्वारा प्रदेश भर के स्कूलों में नए सिरे से शिक्षा व्यवस्था को और भी ज्यादा प्रभावी बनाने के लिए सीएम राइज स्कूलों के संचालन करवाने के लिए भवनों के निर्माण कार्य करवाएं जा रहे हैं। बताया गया कि इसी क्रम में आदिवासी बाहुल्य जिला डिंडोरी के जनपद पंचायत समनापुर अंतर्गत ग्राम पंचायत कंचनपुर में योजना के तहत सीएम राइज स्कूल भवन का निर्माण कार्य होना है। बताया गया कि सीएम राइज स्कूल कंचनपुर में खुलने से आसपास गांवों के सैकड़ों बच्चे लाभान्वित होंगे। जानकारी अनुसार कंचनपुर में भवन बनने के लिए जमीन का सर्वे, मौका निरीक्षण, मेपिंग सहित अन्य प्रक्रियाएं भी पूरी हो चुकी है। कंचनपुर गांव में स्कूल भवन बनाने से आसपास के लगभग दो दर्जन गांवों के सैकड़ों बच्चों को सीधे फायदा मिलेगा, मामले को लेकर स्थानीय लोगों ने स्कूल को यथावत रखने की मांग जिला पंचायत अध्यक्ष रूदेश परस्ते से भी की गई थी, बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई। दरअसल कक्षा 1 से 12 तक की कक्षाएं एक साथ कंचनपुर में संचालित होने को थी, लेकिन अब वर्तमान में केवल कक्षा 9 से 12 तक की कक्षाएं संचालित करने की योजना बन रही है। बांकी के कक्षा 1 से 8 तक कक्षाएं के संचालन के लिए चांदरानी गांव में स्कूल भवन का निर्माण कार्य कराया जा रहा है, जिसका ग्रामीण विरोध कर रहे हैं।



