बिना प्लास्टर कराए ही ऊपरी हिस्सों में रंगरोगन करने पुट्टी की तैयारी

डिंडोरी, जबलपुर दर्पण ब्यूरो। जिले के जनपद पंचायत बजाग अंतर्गत ग्राम पंचायत खरगहना स्थित शासकीय हाई स्कूल भवन में मरम्मत के कार्य में मनमानी करने के आरोप लग रहे हैं। बताया गया कि भवन के कुछ हिस्सों की केवल साफ-सफाई कर रंग रोगन करने की तैयारी है, और कुछ हिस्सों में बिना प्लास्टर कराए ही पुट्टी चिपकाए जा रहे हैं, जिससे भवन की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो रहे हैं। गौरतलब है कि जिले भर के अधिकतर जर्जर स्कूल भवनों के मरम्मत करने के कार्य इन दिनों चल रहे हैं, जहां स्कूल भवन मरम्मत, रंग रोगन करने के लिए लाखों रुपए के आवंटन प्राप्त हुए हैं, लेकिन मरम्मत के नाम पर अधिकांश विद्यालयों में मनमानी की जा रही है। मरम्मत के नाम पर खानापूर्ति करने जिम्मेदार लोग केवल ऊपरी हिस्सों की रंग रोगन करने में जुटे हुए हैं, जबकि जिम्मेदारों को चाहिए कि भवनों की गुणवत्ता को ध्यान में रखकर मरम्मत कराएं, लेकिन मनमानी करते हुए लीपापोती करने का सिलसिला जारी है। अधिकारियों के संरक्षण में कमिशन का खेल चल रहा है, जिससे मरम्मत के नाम पर संबंधित जिम्मेदार निर्माण के नाम पर लीपापोती करते हुए भ्रष्टाचार कर रहे हैं।



