मध्यप्रदेश विशेष सहयोगी दस्ता भर्ती डिंडोरी में चयनित सूची का प्रकाशन

डिंडोरी, जबलपुर दर्पण ब्यूरो। आदिवासी बाहुल्य जिला डिंडोरी के नक्सलाइट जनपद पंचायतों के लिए पुलिस बल में विशेष सहयोगी दस्ता की भर्ती प्रक्रिया प्रारंभ की गई थी, जिसकी प्रतिक्षा सूची अब भोपाल स्तर से जारी कर दी गई है। गौरतलब है कि जिले के समनापुर, बजाग व करंजिया जनपदों में विशेष सहयोगी दस्ता के कुल 40 पद आरक्षित किए गए थे, जिनमें अब भर्ती की प्रक्रिया लगभग पूरी हो गई है, अंतिम सूची का प्रकाशन भी किया जा चुका है। जानकारी अनुसार भर्ती में आवेदन की प्रक्रिया, फिजिकली दौड़, टेस्ट परिक्षा सहित अन्य की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब मेडिकल टेस्ट की प्रक्रिया ही बाकी रह गई है। पिछले दिनों भोपाल स्तर से चयनित युवाओं की सूची प्रकाशन के बाद युवक, युवतियों के चेहरे में खुशी की लहर देखी जा रही है, परिजनों में भी खुशी का माहौल बना हुआ है। बताया गया कि आदिवासी बाहुल्य जिले को नक्सली जिला घोषित किया गया है, यही कारण है कि नक्सली मूवमेंट्स से निपटने के लिए जिले में विशेष सहयोगी दस्ता की भर्ती की गई है। पुलिस बल में विशेष सहयोगी दस्ता भर्ती से निश्चित तौर पर पुलिस को सुरक्षा व्यवस्था बनाने में और भी ज्यादा सहायता मिलेगी। पुलिस बल में विशेष सहयोगी दस्ता भर्ती से माफिया, क्रिमिनल्स व नक्सलियों से निपटने में पुलिस को काफी हद तक मदद मिल सकेगी, जिससे कानून व्यवस्था और अच्छी बनाई जा सकती है।



