गुणवत्ताहीन पुलिया निर्माण की शिकायत मिलने के बाद मौके पर पहुंचे जिपं अध्यक्ष रूदेश परस्ते

डिंडोरी, जबलपुर दर्पण ब्यूरो। जिले के बजाग जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत बुधगांव के पोषक ग्राम थिगना टोला में गुरुवार को गुणवत्ताहीन पुलिया निर्माण कार्य की शिकायत मिलने के बाद मौकें का निरीक्षण करने जिला पंचायत अध्यक्ष रूदेश परस्ते मौके स्थल पर पहुंचे। बताया गया कि ग्रामीणों की मौजूदगी में स्थल का निरीक्षण करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष श्री परस्ते ने जिम्मेदारों को गुणवत्तायुक्त पुलिया का निर्माण कार्य कराने के निर्देश दिए गए हैं। गौरतलब है कि मौके पर पुलिया का निरीक्षण करने गांव पहुंचे श्री परस्ते को ग्रामीणों ने गांव की अन्य मूलभूत समस्याएं भी बताने लगे, जिनका निराकरण करने की भी मांग की गई है। निरिक्षण के दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष ने जिम्मेदारों को गुणवत्तायुक्त पुलिया का निर्माण कार्य कराने को कहा है, ताकी लंबे समय तक ग्रामीण इसका उपयोग कर सकें। आरोपों के मुताबिक पंचायत के जिम्मेदार सरपंच, सचिव, रोजगार सहायक व ठेकेदार एक साथ मिलीभगत करके घटिया स्तर का पुलिया निर्माण कराने की फिराक में हैं। आनन-फानन में चल रहे लाखों रुपए के पुलिया निर्माण कार्य को देखकर स्थानीय ग्रामीणों ने इस भ्रष्टाचार की जानकारी जिला पंचायत अध्यक्ष को दी, जहां सूचना के बाद मौके का स्थल निरीक्षण करते हुए श्री परस्ते ने ठेकेदार को गुणवत्तायुक्त पुलिया निर्माण कार्य कराने को कहा है।



