गांधी प्रतिमा के सामने कांग्रेस कमेटी डिंडोरी का पुरजोर प्रदर्शन

डिंडोरी, जबलपुर दर्पण ब्यूरो। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की लोकसभा सदस्यता निरस्त होने के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी डिंडोरी द्वारा पुरजोर विरोध करते हुए प्रदर्शन किया। डिंडोरी कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष वीरेंद्र बिहारी शुक्ला के नेतृत्व में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा के सामने संकल्प सत्याग्रह किया गया। संकल्प सत्याग्रह सभा को संबोधित करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष रूदेश परस्ते ने कहा कि राहुल गांधी गरीब, आम जनता की आवाज लोकसभा में बुलंद कर रहे थे। आगे उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की लोकप्रियता से घबराकर केंद्र पर आसीन भाजपा की सरकार ने लोकतंत्र की हत्या करते हुए हमारे लाड़ले नेता राहुल गांधी की लोकसभा से सदस्यता समाप्त कर दी है, हम सभी कांग्रेस के कार्यकर्ता राहुल गांधी के साथ है। इसी तरह संकल्प सत्याग्रह सभा को संबोधित करते हुए जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष शिवराज सिंह ठाकुर ने कहा कि प्रदेश एवं केंद्र की सरकार के इशारे पर हम युवाओं के ऊपर चाहे जितने भी मामले बना दें, चाहें हमें जेल भेज दें, लेकिन हम सभी राहुल गांधी के समर्थन में धरना प्रदर्शन, आंदोलन करते रहेंगे और देश के सामने भारतीय जनता पार्टी के षड्यंत्रकारी मुखोटे को उजागर करेंगे। सभा को संबोधित करते हुए प्रदेश प्रतिनिधि रमेश राजपाल ने कहा कि आज देश के अंदर बाबा साहब भीमराव अंबेडकर के बनाए हुए संविधान को खतरा है, देश एवं प्रदेश सरकार तानाशाही पूर्ण रवैया को अपनाई हुई हैं। इसी तरह जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष वीरेंद्र बिहारी शुक्ला ने कहा कि राहुल गांधी ने सच्चाई की आवाज को लोकसभा में बुलंद किया है, लोकसभा मे पहले राहुल गांधी ने जो बात और मांग रखी थी उसे लोकसभा की कार्यवाही से अलग करा दिया गया। आज हम सभी अहिंसा के पुजारी राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा के समक्ष संकल्प सत्याग्रह कर रहे हैं, सत्याग्रह में आज हम सभी संकल्प लेते हैं कि मध्य प्रदेश एवं देश से भारतीय जनता पार्टी की सरकार को उखाड़ फेंकेंगे। देश में अमन भाईचारा स्थापित करने, रोजगार उपलब्ध कराने, मंहगाई से राहत दिलाने सहित राहुल गांधी के नेतृत्व में केन्द्र की सरकार बनाने की बात कही। संकल्प सत्याग्रह सभा में प्रदेश प्रतिनिधि रमेश राजपाल, जिला उपाध्यक्ष आलोक शर्मा, जिला उपाध्यक्ष भीम अवधिया, जिला महामंत्री अकील अहमद सिद्धकी, जिला पंचायत सदस्य, मध्य प्रदेश महिला कांग्रेस सचिव हीरा रुदेश परस्ते, जिला युवक कांग्रेस अध्यक्ष शिवराज सिंह ठाकुर, पार्षद ज्योतिरादित्य भलावी, जिला संगठन मंत्री मुकेश तिवारी, किशोर प्रशनानी, मकरंद मरकाम, गोविंद बनवासी, विजय दाहिया, पुष्पा महोबे, गुल बसिया पूषाम, लव कुश ठाकुर, यशु मेहरा, रामू सहित अन्य कांग्रेसी कार्यकर्ता मौजूद रहे।



