बैगा चक्र के सामूहिक जन चौपाल को किया संबोधित, विसंगतियों को दूर करने की मांग

डिंडोरी, जबलपुर दर्पण ब्यूरो। पिछले दिनों शनिवार को बैगा चक्र के सामूहिक जन चौपाल में शामिल होने डिंडोरी जिला पंचायत अध्यक्ष रूदेश परस्ते सभा में पहुंचे, जहां सैकड़ों की संख्या में मौजूद बैगा जनजाति के लोगों को संबोधित करते सभी विसंगतियों को दूर करने की बात कही। शुक्रवार को जिले भर के सभी लगभग 52 गांवों के बैगा आदिवासियों की सामुहिक बैठक आयोजित कि गई थी, जहां बैगा आदिवासी वन अधिकार पट्टा, काबिज भूमियों की स्थाई मांग करते हुए विस्तार पूर्वक जनजातीय लोगों ने चर्चा की। बताया गया कि समुदायिक बैठक में वन संसाधन के अधिकार, काबिज वन भूमियों का पट्टा सहित पात्र हितग्राहियों को भू अधिकार देने हेतु बैगा चक्र में संयुक्त ग्राम सभा सम्मेलन आयोजित किया गया था। आयोजित बैठक में शामिल होने पहुंचे श्री परस्ते ने ग्रामीणों से सीधे संवाद करते हुए भूमि से बेदखल करने वालों के खिलाफ हमेशा लड़ाई लड़ने की बात कही। संबोधित करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष ने वनाधिकार अधिनियम के तहत हर पात्र काबिज को पट्टा देने सहित भू अधिकार में विसंगति को दूर करने की मांग रखने की बात कही। गौरतलब है कि आदिवासी बाहुल्य जिला डिंडोरी में ज्यादातर आदिवासी समाज के लोग ही निवासरत है, जबकि इन्हीं आदिवासियों को जल, जंगल और जमीनों के लिए सीमित अधिकार ही दिए गए हैं। एक तरफ अपने अधिकारों की लड़ाई के लिए इन बैगा समुदाय के लोग पिछले काफी समय से शासन प्रशासन से मांग कर रहे हैं, तो वहीं दूसरी तरफ अभी भी इन बैगा आदिवासियों को पूर्णतः अधिकार नहीं दिए गए हैं।



