पुलिस अज्ञात वाहन चालक का नहीं लगा सकी पता, खेती करने बैल लेकर घर जा रहा था मृतक किसान

डिंडोरी, जबलपुर दर्पण ब्यूरो। किसान को टक्कर मारकर फरार होने वाले अज्ञात वाहन चालक को पुलिस अभी तक नहीं पकड़ पाई है और न ही कोई पतासाजी चल रही है। घटना को दो सप्ताह से ज्यादा का समय बीत गया है, लेकिन अज्ञात वाहन चालक का अब तक कोई सुराग नहीं मिला है, जबकि पुलिस भी घटना को लेकर गंभीर नहीं है। गौरतलब है कि मृतक किसान खेती किसानी करने के लिए बैल लेकर वापस अपने घर जा रहा था, तभी टांकी नाला के पास अज्ञात वाहन ने किसान को जोरदार टक्कर मारकर मौके से फरार हो गया, जबकि किसान की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई थी। जानकारी अनुसार कोतवाली थाना अंतर्गत कुकर्रामठ गांव निवासी किसान राममिलन राठौर पिता स्व.भूपत सिंह राठोर खेती किसानी के लिए विक्रमपुर से बैल खरीदकर वापस अपने गांव पैदल आ रहे थे, तभी डिंडोरी-अमरकंटक मुख्य मार्ग पर टांकी नाला के पास दुर्घटना का शिकार हो गए। हाई स्पीड वाहन ने किसान को जोरदार टक्कर मारते हुए घटनास्थल से फरार हो गया था। किसान की मौत के बाद अब परिवार के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा है, मृतक किसान के तीन बेटियां भी हैं। लेकिन अब एक पखवाड़े गुजरने के बाद भी आरोपी वाहन चालक पुलिस गिरफ्त से बाहर है, पुलिस वाहन चालक को पकड़ना चाहती तो वाहन चालक को आसानी से पकड़ा जा सकता है, लेकिन पुलिस ऐसा चाहती ही नहीं जो कई तरह के सवाल खड़ा कर रहा है। फिलहाल प्रारंभिक तौर पर कोतवाली पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ हत्या का मुकदमा कायम करते हुए जांच में लिया है, जो अभी तक जारी है।



