गांव के विवाद निवारण समिति का नहीं माना कहना तो विभागीय अमला हुआ सख्त, पुलिस ने खुलवाया रास्ता

डिंडोरी, जबलपुर दर्पण ब्यूरो। जिले के समनापुर जनपद अंतर्गत ग्राम पंचायत छांटा गांव में विवाद निवारण समिति का कहना नहीं मानने पर राजस्व अमला सख्त हो गया, तहसीलदार की मौजूदगी में पुलिस बल के साथ पहुंचे राजस्व कर्मियों ने रास्ते को खुलवाया। बताया गया कि गांव के रहने वाले मोहन राठौर व हेमसिंह राठौर नामक दोनों सगे भाइयों ने मिलकर रास्ते को एक सप्ताह पहले बंद कर दिया था। मामले को लेकर परेशान पीड़ितों ने तहसीलदार के पास शिकायत की थी, रास्ता बंद होने का मामला जिला कलेक्टर के पास भी पहुंच चुका था, कार्यवाही ना होने से पीड़ित व्यक्ति काफी ज्यादा परेशान नजर आ रहे। कार्यवाही करते हुई विभागीय अमला सख्त हो गया और पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर रास्ते को खुलवाया, तब कहीं जाकर पीड़ितों ने राहत की सांस ली। बताया गया कि इससे पहले गांव में ही बैठक लगाकर विवाद को निपटाने की पहल की गई थी, जहां अनावेदकों द्वारा पंचों का कहना न मानते हुए रास्ते को नहीं खोला। जिसके बाद मामला जिला कलेक्टर के पास गई थी, तब कहीं जाकर सोमवार को कार्रवाई करते हुए रास्ते को खुलवाया गया।



