मुख्यालय से सिद्ध टेकरी चटूवा तक निकाली गई कांवड़ यात्रा, जिपं अध्यक्ष रूदेश परस्ते ने बांटे फल

डिंडोरी, जबलपुर दर्पण ब्यूरो। जिला मुख्यालय के मंडला बस स्टैंड से सिद्ध टेकरी चटूवा तक श्रावण मास के तृतीय सोमवार को विशाल कांवड़ यात्रा निकाली गई। गौरतलब है कि पिछले वर्ष की भांति इस साल भी बजरंग मंदिर समिति पुरानी डिंडोरी के नेतृत्व में कावड़ यात्रा निकाली गई थी, जो मंडला बस स्टैंड से होकर समनापुर तिराहे होते हुए चटुवा के सिद्ध टेकरी पहुंची। कांवड़ियों ने जल अर्पित करते हुए विधि-विधान से पूजा पाठ कर मन्नतें मांगते हुए सुख समृद्धि के लिए कामना कि गई। बताया गया कि धर्म लाभ लेने के लिए जिला पंचायत अध्यक्ष रूदेश परस्ते भी कांवड़ियों की यात्रा में शामिल हुए, तत्पश्चात कांवड़ियों को केला, सेव का वितरण करते हुए स्वल्पाहार कराया। कावड़ यात्रा के साथ बैंड-बाजे वालों की टोली भी साथ-साथ पैदल ही चल रही थी। कांवड़ यात्रा का आयोजन बंजरग मंदिर समिति पुरानी डिंडोरी के द्वारा किया गया था, यात्रा का नेतृत्व समिति अध्यक्ष हरिहर परासर कर रहे थे।



